डॉ. युद्धवीर सिंह ने माछरा इंटर कॉलेज में किया लोकार्पण
विराट कोहली का उदाहरण देकर विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का दिया संदेश, मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
मेरठ । ANN। भारतीय क्रिकेट जगत में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व निदेशक एवं मेरठ कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. युद्धवीर सिंह ने शुक्रवार को चौधरी प्रेमनाथ सिंह किसान इंटर कॉलेज, माछरा में नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक अमित कुमार त्यागी एवं प्रधानाचार्य राजेश कुमार त्यागी ने पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक चौधरी शिवनाथ सिंह सांडिल्य की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत डॉ. युद्धवीर सिंह ने नवनिर्मित भवन का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने विद्यालय के मेधावी एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. युद्धवीर सिंह ने कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। शिक्षा विद्यार्थियों को ज्ञान, विवेक और जीवन में आगे बढ़ने की दिशा देती है, जबकि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना, धैर्य और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करते हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।

उन्होंने भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली का उदाहरण देते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, फिटनेस, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर उन्होंने विश्व क्रिकेट में विशिष्ट स्थान हासिल किया है। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यार्थियों को भी अपने जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
डॉ. युद्धवीर सिंह ने कहा कि अपने सपनों को छोटा मत रखिए, लक्ष्य बड़ा निर्धारित कीजिए और उसे हासिल करने के लिए प्रतिदिन पूरी ईमानदारी से मेहनत कीजिए। मैदान हो या पढ़ाई, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को जीवन का हिस्सा बनाने वाले विद्यार्थियों को सफलता अवश्य मिलती है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें उचित मार्गदर्शन, संसाधन, प्रोत्साहन और अवसर उपलब्ध कराने की है। मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
विद्यालय के तीन विद्यार्थी पिछले एक वर्ष में अंडर-14 एवं अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं। विद्यालय की यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्रों में उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं का प्रमाण है।
प्रधानाचार्य राजेश कुमार त्यागी के नेतृत्व में विद्यालय में शैक्षिक वातावरण, आधारभूत सुविधाओं, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं विद्यार्थियों की प्रतिभा के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विद्यालय को वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री पुरस्कार तथा वर्ष 2026 में राज्य स्तरीय ललित कला अकादमी पुरस्कार प्राप्त हो चुका है।
कार्यक्रम में डॉ. राजीव आत्रेय, संजीव कुमार, नीरज कुमार, पंकज कुमार, डॉ. चंद्रशेखर त्यागी, विद्यालय प्रबंधक अमित कुमार त्यागी, प्रधानाचार्य राजेश कुमार त्यागी, शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।