बृजभूषण (सदस्य मानव अधिकार आयोग)
30 नवंबर को राजकीय महिला आश्रय गृह का करेंगे निरीक्षण, प्रशासन को सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं के निर्देश
मेरठ। ANN। उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग के सदस्य ब्रज भूषण 30 नवंबर 2026 को दो दिवसीय दौरे पर मेरठ आएंगे। इस दौरान वह मेरठ स्थित राजकीय महिला आश्रय गृह का निरीक्षण करेंगे। उनके आगमन को लेकर आयोग की ओर से संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मानवाधिकार आयोग के सदस्य ब्रज भूषण सोमवार, 30 नवंबर को सुबह आठ बजे लखनऊ से गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते सड़क मार्ग द्वारा मेरठ के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर दो बजे मेरठ पहुंचेंगे तथा शाम चार बजे राजकीय महिला आश्रय गृह का निरीक्षण करेंगे।
मानवाधिकार आयोग की ओर से जारी भ्रमण कार्यक्रम के अनुसार ब्रज भूषण को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश के समकक्ष प्रोटोकॉल एवं सुरक्षा सुविधाएं प्राप्त हैं। इसके दृष्टिगत संबंधित अधिकारियों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उनके ठहरने के लिए मेरठ सर्किट हाउस में दो वीआईपी सुइट तथा कर्मचारियों के लिए एक अतिरिक्त कक्ष आरक्षित करने का अनुरोध किया गया है।
आयोग की ओर से लखनऊ, उन्नाव, हरदोई, शाहजहांपुर, बदायूं, संभल, अमरोहा, बुलंदशहर, हापुड़ और मेरठ के संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को भ्रमण कार्यक्रम की जानकारी भेजी गई है। इसके अलावा मेरठ के अपर जिलाधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी तथा राजकीय महिला आश्रय गृह के अधीक्षक को भी अवगत कराया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ब्रज भूषण एक दिसंबर को सुबह नौ बजे मेरठ से गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे और दोपहर तीन बजे लखनऊ पहुंचेंगे।