अविका होटल में लगी आग ने लिया विकराल रूप
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र में दिल्ली रोड स्थित अविका होटल में शनिवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि आग होटल की पार्किंग से शुरू हुई और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें पार्किंग से होटल के ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल तक पहुंच गईं। इस दौरान होटल के 12 कमरे, उनमें रखा सामान और पार्किंग में खड़ी दो कारें आग की चपेट में आकर जल गईं। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
पार्किंग में लगी आग तेजी से फैली
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे अविका होटल की पार्किंग में अचानक आग लग गई। शुरुआती दौर में आग वहां खड़ी गाड़ियों तक पहुंची। पार्किंग में खड़ी रेनॉल्ट और ब्रेजा कार आग की चपेट में आ गईं और देखते ही देखते दोनों वाहन जल गए। इसके बाद आग तेजी से फैलने लगी और ग्राउंड फ्लोर पर बने पार्टी हॉल तक पहुंच गई।
कुछ ही देर में आग की लपटें पहली मंजिल तक पहुंच गईं। होटल के 12 कमरों में भी आग फैल गई और अंदर रखा सामान जलकर खाक हो गया। आग से उठता धुआं और ऊंची लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं, जिसके चलते आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया।

बगल के बैंक तक पहुंचने लगीं आग की लपटें
आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि होटल से सटी इंडियन बैंक की शाखा की ओर भी लपटें बढ़ने लगीं। बैंक की तरफ आग बढ़ती देखकर वहां मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दमकलकर्मियों के सामने आग को बैंक की ओर फैलने से रोकने की चुनौती भी थी।
सूचना मिलने के बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और अलग-अलग हिस्सों से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग को बैंक की ओर फैलने से रोक दिया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। बैंक में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
होटल के गार्ड रतन पाल सिंह के मुताबिक पार्किंग में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। उन्होंने बताया कि शुरुआत में सोफों में आग लगी और इसके बाद लपटें तेजी से ऊपर की ओर बढ़ीं। पार्किंग में लगी टिन की छत भी आग की चपेट में आ गई, जिसके बाद वहां खड़ी गाड़ियों में आग फैल गई।
गार्ड के अनुसार आग लगने के समय होटल में वह और मालिक मौजूद थे। दोनों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ने के कारण स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। इस दौरान उनके हाथ भी झुलस गए। आग पर काबू न पाने पर तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
होटल में उस समय नहीं था कोई ग्राहक
रतन पाल सिंह ने बताया कि आग लगने के समय होटल में कोई ग्राहक या अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। उन्होंने बताया कि होटल में कुल 25 कमरे हैं, जिनमें तीन स्टोर रूम हैं। फिलहाल 12 कमरे ही किराये पर दिए जा रहे थे। आग से होटल के लग्जरी सामान समेत अन्य संपत्ति को भी भारी नुकसान हुआ है।
गार्ड के मुताबिक आग की घटना में करीब पौने दो करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। हालांकि नुकसान की वास्तविक स्थिति संबंधित विभागों की जांच और आकलन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने पूरे होटल की कराई जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आग बुझने के बाद होटल के सभी कमरों और अन्य हिस्सों की जांच की गई। इस दौरान किसी व्यक्ति के अंदर फंसे होने की पुष्टि नहीं हुई।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। होटल में मौजूद कर्मचारियों और ठहरे लोगों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने बताया कि होटल के सभी कमरों को चेक किया गया है।
एसपी सिटी के मुताबिक कुछ लोगों के होटल के अंदर फंसे होने की अफवाह सामने आई थी, लेकिन जांच के दौरान ऐसा कुछ नहीं मिला। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि आग के वास्तविक कारण और इससे हुए कुल नुकसान का आकलन संबंधित विभागों की जांच के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने घटना के बाद होटल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।