कलानिधि नैथानी (डी आई जी मेरठ परिक्षेत्र)
एक सप्ताह में 16 आरोपियों पर घोषित हुआ पुरस्कार
मेरठ । मेरठ परिक्षेत्र के विभिन्न जिलों में वांछित और फरार चल रहे सात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी), मेरठ परिक्षेत्र ने 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। रेंज कार्यालय के अनुसार, संबंधित जनपदों की पुलिस की संस्तुति पर यह कार्रवाई की गई है। इन आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर, लूट, चोरी और अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
रेंज कार्यालय ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर परिक्षेत्र के चारों जिलों में कुल 16 वांछित या फरार आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी के लिए धरपकड़ तेज कर दी है। अधीनस्थ अधिकारियों को वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी, इनाम घोषित कराने और अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सात इनामी आरोपियों का विवरण
मनोज पुत्र राजकिरण, निवासी अलीपुर, थाना झिंझाना, जिला शामली, बागपत के थाना दोघट में दर्ज गैंगस्टर के मुकदमे में वांछित है। पुलिस के मुताबिक, उसके विरुद्ध बागपत के थाना दोघट तथा मेरठ, मुजफ्फरनगर और शामली के एंटी पावर थेफ्ट थानों में कुल 34 मुकदमे दर्ज हैं।
नीरज पुत्र वेदपाल, निवासी भभीसा, थाना कांधला, जिला शामली, थाना दोघट, बागपत में दर्ज गैंगस्टर के मुकदमे में वांछित है। रेंज कार्यालय के अनुसार, उसके खिलाफ थाना दोघट में चोरी और गैंगस्टर के तीन मुकदमे दर्ज हैं।
अरबाज पुत्र उम्मेद, निवासी जाकिर कॉलोनी, काला आम, गली नंबर 34, थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ, थाना दोघट में दर्ज गैंगस्टर के मुकदमे में वांछित बताया गया है। उसके खिलाफ चोरी और गैंगस्टर के दो मुकदमे दर्ज हैं।
कुणाल उर्फ कुलदीप त्यागी पुत्र राकेश त्यागी, निवासी गंवा, थाना खुर्जा देहात, बुलंदशहर, लूट के एक मुकदमे में वांछित है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ खुर्जा देहात और मेरठ के थाना मेडिकल में हत्या, चोरी और लूट के चार मुकदमे दर्ज हैं।
आमिर पुत्र खुर्शीद, निवासी चंदेरू, थाना सिकंदराबाद, बुलंदशहर, थाना सिकंदराबाद से वांछित चल रहा है। रेंज कार्यालय के अनुसार, उसके खिलाफ बुलंदशहर, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और हापुड़ के विभिन्न थानों में कुल 41 मुकदमे दर्ज हैं।
चांद पुत्र वाहिद, निवासी मोहल्ला व्यापारियान, कस्बा व थाना ककोड़, बुलंदशहर, थाना सिकंदराबाद से वांछित है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ बुलंदशहर, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और अलीगढ़ के अलग-अलग थानों में 35 मुकदमे दर्ज हैं।
सुखदेव पुत्र शिम्भू उर्फ शम्भू, निवासी हैदराबाद, कस्बा व थाना अगौता, बुलंदशहर, थाना कोतवाली नगर, बुलंदशहर से वांछित बताया गया है। उसके खिलाफ बुलंदशहर के कोतवाली नगर, अगौता, खानपुर, नरसेना, जहांगीराबाद और गुलावठी थानों में कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई तेज
मेरठ रेंज कार्यालय के मीडिया सेल के अनुसार, इनामी आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें कार्रवाई कर रही हैं। अधिकारियों ने वांछित और फरार आरोपियों की धरपकड़ तेज करने तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। आगे भी इनामी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित है।