दर्दनाक हादसे की सूचना मिलने पर आहत परिजन
मेरठ । उत्तराखंड के कालाढूंगी क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मेरठ के पर्यटकों से भरी टेंपो ट्रैवलर 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में मेरठ के 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का उपचार हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा है। प्रारंभिक जांच में वाहन के ब्रेक फेल होने को हादसे का कारण माना जा रहा है।
नैनीताल घूमकर लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार मेरठ के थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र स्थित ताला फैक्ट्री इस्लामाबाद निवासी एक ही परिवार और उनके रिश्तेदार नैनीताल घूमने गए थे। हापुड़ अड्डे स्थित ए-वन ट्रांसपोर्ट कंपनी से टेंपो ट्रैवलर बुक की गई थी। परिवार सोमवार को नैनीताल पहुंचा था और घूमने के बाद बुधवार शाम करीब पांच बजे मेरठ लौट रहा था।
कालाढूंगी से लगभग तीन किलोमीटर पहले एक तीखे मोड़ पर अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टेंपो ट्रैवलर डिवाइडर तोड़ते हुए करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
दो महिलाओं की मौके पर मौत
दुर्घटना में 32 वर्षीय नाजमीन पत्नी शाकिर और 55 वर्षीय फरद बेगम निवासी ताला फैक्ट्री इस्लामाबाद, मेरठ की मौत हो गई। जबकि दो अन्य ने घटना के कुछ घंटे बाद दम तोड़ा। सूचना मिलते ही कालाढूंगी पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
एक घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
खाई में गिरे वाहन में कई लोग फंसे हुए थे। पुलिस और राहत दलों ने करीब एक घंटे तक अभियान चलाकर सभी घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस से हल्द्वानी के विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया।
कालाढूंगी कोतवाल अरुण सैनी ने बताया कि हादसे में 2 लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि अन्य घायल हैं। चारों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिए गए हैं।
मेरठ में मची अफरा-तफरी
हादसे की सूचना शाम करीब साढ़े सात बजे मेरठ में परिजनों को मिली। दुर्घटना के बाद कुछ घायलों ने अपने परिवार वालों को फोन कर हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और कई लोग तत्काल हल्द्वानी के लिए रवाना हो गए।
लिसाड़ी गेट स्थित ताला फैक्ट्री क्षेत्र में देर रात तक रिश्तेदारों और पड़ोसियों का जमावड़ा लगा रहा। हादसे की खबर सुनकर पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
हादसे में घायल हुए लोग
हादसे में घायल लोगों में सुहेमा (8 वर्ष), तस्वीब्या (11 वर्ष), माहिरा (1 वर्ष), सोफिया (15 वर्ष), सना (22 वर्ष), आशिक (24 वर्ष), साद (2 वर्ष), आयशा (23 वर्ष), अनिशा (40 वर्ष), शाकिर (35 वर्ष), फरत (48 वर्ष), नफीस अहमद, रशीद अहमद, लाइबा (30 वर्ष), उल्बिया (25 वर्ष), मोनिश (30 वर्ष), रेशमा (40 वर्ष) और रुकसाना सहित अन्य लोग शामिल हैं। घायलों में छह से सात बच्चे भी बताए जा रहे हैं।
ब्रेक फेल होने की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना वाहन के ब्रेक फेल होने के कारण हुई। हालांकि पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। वाहन की तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।
शोक में डूबा मेरठ
हादसे में दो महिलाओं की मौत से ताला फैक्ट्री और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। वहीं परिजन अस्पतालों में भर्ती घायलों के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।