पुलिस गिरफ्त में मासूम का हत्यारा एवं बरामद वैन
मेरठ। जनपद मेरठ के थाना बहसूमा क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम बालक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बालक का शव जंगल से बरामद कर लिया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त चाकू और घटना में इस्तेमाल की गई वैगनार कार भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 16 जून 2026 को बालक की दादी द्वारा थाना बहसूमा में तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि अर्पित शर्मा पुत्र लक्ष्मेन्द्र शर्मा निवासी मीरापुर, जनपद मुजफ्फरनगर उनके छह वर्षीय पौत्र को वैगनार कार संख्या HR51AW8049 में बैठाकर अपने साथ ले गया है। परिजनों ने बालक के साथ अनहोनी की आशंका जताई थी। तहरीर के आधार पर थाना बहसूमा में मुकदमा अपराध संख्या 133/2026 धारा 140(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी मवाना की निगरानी में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर गहन पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपी अर्पित शर्मा ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसके प्रेम संबंधों में बालक बाधा बन रहा था। इसी कारण उसने बालक की हत्या कर दी और शव को थाना हस्तिनापुर क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर गढ़ी स्थित सती आशादेवी मठ मंदिर के पास जंगल में छिपा दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल में छिपाया गया शव बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक चाकू तथा वैगनार कार संख्या HR51AW8049 भी बरामद कर ली है।
विवेचना और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 103(1), 238, 61(2) बीएनएस तथा 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
अर्पित शर्मा पुत्र लक्ष्मेन्द्र शर्मा, निवासी भूमा रोड, कस्बा एवं थाना मीरापुर, जनपद मुजफ्फरनगर, उम्र लगभग 28 वर्ष।
पुलिस द्वारा बरामद सामान
- हत्या में प्रयुक्त एक चाकू।
- घटना में प्रयुक्त वैगनार कार संख्या HR51AW8049।
खुलासे में शामिल पुलिस टीम
इस हत्याकांड के सफल अनावरण में थाना बहसूमा के थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में उपनिरीक्षक उदयपाल सिंह, जितेन्द्र कुमार, तोरेन्द्र कुमार, अभिषेक कुमार, आशीष कुमार, हेड कांस्टेबल अजीत मलिक, अंकुर पंवार एवं विपिन कुमार शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में सभी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।