सोशल मीडिया पर जारी प्रचार
मेरठ। आम आदमी पार्टी (AAP) ने 20 जुलाई 2026 (सोमवार) को सोनम वांगचुक के समर्थन तथा देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों के विरोध में मेरठ में बड़ा जनआंदोलन करने की घोषणा की है। इस आंदोलन के तहत कमिश्नरी पार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। पार्टी ने युवाओं, छात्रों, अभिभावकों और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
पार्टी के अनुसार, यह पैदल मार्च 20 जुलाई को प्रातः 10:00 बजे कमिश्नरी पार्क, मेरठ से शुरू होगा और जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचेगा। आंदोलन का मुख्य उद्देश्य युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना तथा लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों के खिलाफ आवाज बुलंद करना है।
आम आदमी पार्टी का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने से लाखों मेहनती अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। वर्षों की तैयारी करने वाले युवाओं को मानसिक, आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी का आरोप है कि पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने में सरकार विफल रही है।
पार्टी ने इस आंदोलन को पर्यावरण कार्यकर्ता और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन से भी जोड़ा है। इसके साथ ही राज्यसभा सांसद संजय सिंह द्वारा प्रदेशभर में इस मुद्दे को लेकर आंदोलन का आह्वान किए जाने के क्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मेरठ में भी इसी अभियान के तहत पैदल मार्च का आयोजन किया जा रहा है।
आम आदमी पार्टी मेरठ के प्रदेश प्रवक्ता एवं जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होकर युवाओं की आवाज को मजबूती दें। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाना और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करना समय की मांग है।
पार्टी का कहना है कि यह आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित किया जाएगा, जिसमें युवाओं के भविष्य की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी।