पुलिस गिरफ्त में 25000 का इनामी
मेरठ । मेरठ पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक चर्चित मामले में फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। थाना लोहियानगर पुलिस और स्वाट टीम प्रथम नगर की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को चन्दसारा रेलवे हाल्ट के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ द्वारा ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 27 मई 2026 का है। ग्राम खुब्बापुर माखनपुर निवासी हिमांशु पुत्र टीटू ने थाना लोहियानगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम चन्दसारा निवासी नीशू उर्फ निशान्त, पुलकित, अरुणेश तथा मुकेश ने उसके मामा रामनाथ के साथ लाठी-डंडों और सरिया से जान से मारने की नीयत से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर थाना लोहियानगर में मुकदमा अपराध संख्या 336/2026 धारा 109(1) एवं 351(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में पूर्व में दो आरोपी पुलकित पुत्र मूले उर्फ मुकेश त्यागी तथा अरुणेश पुत्र मुकेश त्यागी को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी नीशू उर्फ निशान्त घटना के बाद से लगातार फरार था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर जनपद में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण में थाना लोहियानगर पुलिस तथा स्वाट टीम की संयुक्त टीम गठित की गई। सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों से आरोपी की लोकेशन दिल्ली और गाजियाबाद के आसपास मिलने के बाद लगातार उसकी तलाश की जा रही थी।
शनिवार 27 जून 2026 को संयुक्त पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर चन्दसारा रेलवे हाल्ट के पास से आरोपी नीशू उर्फ निशान्त पुत्र विरेश कुमार (उम्र 28 वर्ष), निवासी ग्राम चन्दसारा, थाना लोहियानगर, मेरठ को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी नीशू उर्फ निशान्त पुत्र विरेश कुमार निवासी: ग्राम चन्दसारा, थाना लोहियानगर, जनपद मेरठ उम्र: 28 वर्ष आपराधिक इतिहास मुकदमा अपराध संख्या 336/2026 धारा 109(1) एवं 351(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) थाना लोहियानगर, मेरठ गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम थानाध्यक्ष सुमित तोमर, थाना लोहियानगर उपनिरीक्षक मनीष शर्मा, प्रभारी स्वाट टीम प्रथम नगर उपनिरीक्षक रामसमझ राणा उपनिरीक्षक शादाब अहमद मुख्य आरक्षी विकास भाटी मेरठ पुलिस ने बताया कि जनपद में वांछित अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।