पुलिस गिरफ्त में आरोपी
मेरठ । मेरठ के थाना सरूरपुर क्षेत्र में हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना सरूरपुर पुलिस एवं स्वाट टीम देहात की संयुक्त कार्रवाई में दोनों आरोपियों को हत्या में प्रयुक्त हथियार, एक मोटरसाइकिल और एक कार सहित गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं।
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 की शाम राहुल पुत्र तेजेन्द्र निवासी कस्बा करनावल ने थाना सरूरपुर में तहरीर देकर बताया कि उसके बाबा की निक्की पुत्र शैलेन्द्र तथा सागर पुत्र राजीव उर्फ राजू, दोनों निवासी करनावल, ने गोली मारकर और चाकू से हमला कर हत्या कर दी। घटना के संबंध में थाना सरूरपुर पर मुकदमा अपराध संख्या 157/2026 धारा 103(1)/3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सरधना के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी।
शनिवार 27 जून 2026 की रात लगभग 8:40 बजे थाना सरूरपुर पुलिस एवं स्वाट टीम देहात ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सरधना-बिनौली रोड स्थित भूनी रजवाहे के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक चाकू, एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल तथा एक रेनो ट्राइबर कार बरामद की।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 3/4/25/27 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई है। वहीं बरामद मोटरसाइकिल एवं कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी
- सागर पुत्र राजीव उर्फ राजू
- निवासी: कस्बा करनावल, थाना सरूरपुर, मेरठ
- उम्र: लगभग 20 वर्ष
- निक्की पुत्र शैलेन्द्र
- निवासी: कस्बा करनावल, थाना सरूरपुर, मेरठ
- उम्र: लगभग 35 वर्ष
बरामदगी
- हत्या में प्रयुक्त एक .315 बोर का तमंचा एवं एक खोखा कारतूस
- एक चाकू
- एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल
- एक रेनो ट्राइबर कार
आपराधिक मामला
- मुकदमा अपराध संख्या 157/2026
- धारा 103(1)/3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)
- धारा 3/4/25/27 आर्म्स एक्ट
- थाना सरूरपुर, जनपद मेरठ
गिरफ्तारी करने वाली टीम
इस कार्रवाई में थाना सरूरपुर के थानाध्यक्ष गौरव सिंह, उपनिरीक्षक सुभाष सिंह, निर्भय सिंह, दीपक कुमार, अमित तोमर, प्रमोद कुमार, अंकित कुशवाहा सहित थाना सरूरपुर पुलिस एवं स्वाट टीम देहात के पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मेरठ पुलिस ने कहा है कि जनपद में हत्या, लूट एवं अन्य गंभीर अपराधों में शामिल वांछित अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।