मेरठ के विकास भवन में कावड़ की तैयारी को लेकर बैठक करते जिलाधिकारी डॉ वी के सिंह
मेरठ। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मेरठ प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में नगर निगम, विद्युत विभाग, विद्युत सुरक्षा विभाग, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, सिंचाई विभाग, जल निगम, पंचायती राज विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग, एनएचएआई, आरआरटीएस सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों और प्रमुख मंदिरों के आसपास विद्युत व्यवस्था, पथ प्रकाश, सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा व्यवस्था, संकेतक बोर्ड (साइनेज) और साफ-सफाई की व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए।
कांवड़ मार्गों की सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सड़कों को पूरी तरह दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मार्ग पैदल चलने के लिए सुरक्षित और सुगम होने चाहिए। जहां कहीं सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए।
इसके अलावा कांवड़ मार्गों पर साइनेज प्वाइंट का चिन्हांकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश बोर्ड लगाए जाने के भी निर्देश दिए गए, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को मार्ग संबंधी जानकारी आसानी से मिल सके।
नगर निगम को सफाई और शौचालय व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
बैठक में नगर निगम को कांवड़ मार्गों पर नियमित सफाई, अस्थायी एवं मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था, डिवाइडर सुधार, कूड़ा निस्तारण और अन्य नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था कांवड़ यात्रा की सफलता का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग तैयार करे विशेष कार्ययोजना
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान चिकित्सा सेवाओं की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। इसमें चिकित्सा शिविरों की स्थापना, एम्बुलेंस तैनाती, मोबाइल बाइक एम्बुलेंस, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, मोबाइल लाइट वैन तथा स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था शामिल हो।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं हर समय उपलब्ध रहनी चाहिए।
विद्युत सुरक्षा पर विशेष जोर
बैठक में विद्युत विभाग एवं विद्युत सुरक्षा विभाग को निर्देश दिए गए कि कांवड़ मार्गों पर स्थित सभी विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर, बिजली के तार और खंभों का भौतिक सत्यापन किया जाए। जहां आवश्यकता हो वहां विद्युत उपकरणों को सुरक्षा की दृष्टि से पॉलीथीन अथवा अन्य सुरक्षा सामग्री से कवर किया जाए ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की होगी विशेष निगरानी
जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग और यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन, रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत योजना तैयार की जाए। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर भी रहेगा प्रशासन का फोकस
बैठक में खाद्य सुरक्षा विभाग एवं खाद्य एवं रसद विभाग को निर्देशित किया गया कि कांवड़ मार्गों पर लगने वाले शिविरों और खाद्य स्टॉलों की नियमित जांच की जाए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, रेट लिस्ट और स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए ताकि श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
विभागों को सौंपे गए दायित्वों के अनुसार तैयार होगी कार्ययोजना
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि उन्हें जो दायित्व सौंपे गए हैं, उनके अनुरूप विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि पूर्व में की गई तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और कांवड़ यात्रा को सफल एवं सुरक्षित बनाने में योगदान दें।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट नवीन कुमार श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक नगर विनायक गोपाल भोसले, पुलिस अधीक्षक यातायात, समस्त उप जिलाधिकारी, अपर नगर आयुक्त, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह, समस्त खंड विकास अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन का उद्देश्य इस वर्ष की श्रावण कांवड़ यात्रा को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाना है, जिसके लिए तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है।