नेट से माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश का फोटो उठा लीजिएगा
मेरठ। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश (यूपी बोर्ड) ने शैक्षिक सत्र 2026-27 एवं परीक्षा वर्ष 2028 के लिए कक्षा 9 और कक्षा 11 के विद्यार्थियों के अग्रिम पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा कर दी है। इस संबंध में परिषद के सचिव द्वारा विस्तृत समय-सारिणी जारी की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक मेरठ ने जनपद के सभी राजकीय, सहायता प्राप्त एवं स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार कक्षा 9 एवं कक्षा 11 में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का अग्रिम पंजीकरण परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर ऑनलाइन किया जाएगा। साथ ही वर्ष 2027 की कृषि भाग-एक परीक्षा में सम्मिलित होने वाले कक्षा 11 के विद्यार्थियों का भी अग्रिम पंजीकरण इसी प्रक्रिया के अंतर्गत किया जाएगा।
5 अगस्त तक प्रवेश की अंतिम तिथि
यूपी बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार कक्षा 9 और कक्षा 11 में विद्यार्थियों के प्रवेश की अंतिम तिथि 5 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। वहीं हाईस्कूल कंपार्टमेंट परीक्षा अथवा सन्निरीक्षा के फलस्वरूप उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए कक्षा 11 में प्रवेश लेने की अंतिम तिथि 20 अगस्त 2026 तय की गई है।
25 अगस्त तक ऑनलाइन पंजीकरण
विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे विद्यार्थियों के अग्रिम पंजीकरण शुल्क को कोषागार में जमा कराते हुए उनके शैक्षिक विवरण 25 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे तक परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करना सुनिश्चित करें।
पंजीकरण शुल्क 40 रुपये प्रति छात्र निर्धारित किया गया है, जिसे विद्यालय प्रबंधन को एकमुश्त चालान के माध्यम से कोषागार में जमा करना होगा।
26 अगस्त से 5 सितंबर तक होगी विवरण जांच
ऑनलाइन पंजीकरण के बाद 26 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक विद्यालयों को वेबसाइट से विद्यार्थियों की चेकलिस्ट डाउनलोड कर उनके नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि, विषय, फोटो एवं अन्य विवरणों का सत्यापन करना होगा।
इस अवधि में किसी प्रकार का नया डेटा अपलोड नहीं किया जा सकेगा। यह समय केवल पहले से अपलोड किए गए विवरणों की जांच के लिए निर्धारित किया गया है।
20 सितंबर तक संशोधन का अवसर
यदि किसी छात्र या छात्रा के विवरण में कोई त्रुटि पाई जाती है तो विद्यालय प्रबंधन 6 सितंबर से 20 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन संशोधन कर सकेगा। परिषद ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में केवल संशोधन स्वीकार किए जाएंगे, नए विद्यार्थियों का पंजीकरण नहीं किया जाएगा।
30 सितंबर तक डीआईओएस कार्यालय में जमा करनी होगी नामावली
विद्यालयों को पंजीकृत विद्यार्थियों की फोटोयुक्त नामावली तथा कोषपत्र की प्रति 30 सितंबर 2026 तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करनी होगी। इसके बाद संबंधित दस्तावेज परिषद के क्षेत्रीय कार्यालयों को भेजे जाएंगे।
गलत विवरण पर प्रधानाचार्य होंगे जिम्मेदार
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विद्यार्थियों के प्रमाणपत्रों और अंकपत्रों में नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, विषय और अन्य शैक्षिक विवरण पूरी तरह सही होने चाहिए। इसके लिए कक्षाध्यापक और प्रधानाचार्य को विद्यालय अभिलेखों से मिलान कर ही विवरण अपलोड करना होगा।
यदि किसी विद्यार्थी का विवरण गलत पाया जाता है या समय पर अपलोड नहीं किया जाता है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित कक्षाध्यापक और प्रधानाचार्य की होगी।
मेरठ के विद्यालयों को विशेष निर्देश
जिला विद्यालय निरीक्षक मेरठ जगदीश प्रसाद शुक्ल ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि पंजीकरण शुल्क केवल मेरठ जनपद के निर्धारित कोषागार में ही जमा किया जाए। किसी भी स्थिति में अन्य जनपद के कोषागार में शुल्क जमा नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सारिणी का कड़ाई से पालन किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि विद्यार्थियों को भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
यूपी बोर्ड के इस निर्णय से प्रदेशभर के लाखों विद्यार्थियों और विद्यालयों में अग्रिम पंजीकरण प्रक्रिया को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।