सोशल मीडिया संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेंद्र शर्मा बने अधिवक्ता ( मध्य में )
मेरठ । सोशल मीडिया एसोसिएशन (एसएमए) के राष्ट्रीय संगठन मंत्री, उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पूर्व कार्यवाहक उपनिदेशक तथा ऑल इंडिया न्यूज पेपर एसोसिएशन (आईना) के नेशनल चेयरमैन सुरेन्द्र शर्मा के अधिवक्ता के रूप में विधिवत पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) पूर्ण होने पर उनके सहयोगियों, पत्रकारों, समाजसेवियों एवं अधिवक्ताओं ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि सुरेन्द्र शर्मा अपने अनुभव, सामाजिक सरोकारों और वरिष्ठ अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन में जरूरतमंद एवं पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे मेरठ कचहरी परिसर स्थित जिला पंचायत कैंटीन में एक आत्मीय अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित साथियों ने सुरेन्द्र शर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वक्ताओं ने कहा कि सुरेन्द्र शर्मा लंबे समय से पत्रकारिता, जनसंपर्क, सामाजिक संगठनों और मीडिया जगत से जुड़े रहे हैं। अब अधिवक्ता के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी समाज के वंचित, जरूरतमंद और न्याय की अपेक्षा रखने वाले लोगों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सुरेन्द्र शर्मा अपने अनुभव और सामाजिक प्रतिबद्धता के साथ विधि के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान देंगे।
कार्यक्रम के दौरान सुरेन्द्र शर्मा ने सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अधिवक्ता के रूप में उनका प्रयास रहेगा कि कानून के दायरे में रहकर आमजन को उचित कानूनी सलाह और न्याय दिलाने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन में वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे।
इस अवसर पर दैनिक केसर खुशबू टाइम्स के संपादक एवं आरकेबी फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष रवि कुमार बिश्नोई, तिलक पुस्तकालय एवं वाचनालय के सचिव चौधरी यशपाल सिंह, वरिष्ठ पत्रकार मुकेश गुप्ता, पूर्व सूचना अधिकारी नईम अहमद, युवा अधिवक्ता शक्ति राज, एडवोकेट मजीठिया, यूपी एकता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सदस्य अंकित बिश्नोई, संदीप गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार सुधाकर आशावादी, लाला रामानुज दयाल वैश्य, बाल सदन के मंत्री हर्षवर्धन बिट्टन एडवोकेट, यूट्यूब चैनल एन.वी. की चेयरमैन नताशा वर्मा, दीप जैन (पत्रकार), नरेश दत्ता (पत्रकार), राजकुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का वातावरण आत्मीयता और शुभकामनाओं से सराबोर रहा। उपस्थित सभी लोगों ने सुरेन्द्र शर्मा के सफल अधिवक्ता जीवन की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे समाज और न्याय व्यवस्था के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में कार्य करेंगे।