जैनाचार्य सौरभ सागर महाराज का विवेक बाफ़र के आवास पर शुभागमन
मेरठ। ANN राष्ट्रीय लोकदल के मेरठ महानगर अध्यक्ष विवेक कुमार बाफ़र के गोडविन कॉलोनी स्थित आवास पर परम पूज्य जैनाचार्य 108 श्री सौरभ सागर जी महाराज का शुभागमन हुआ। इस अवसर पर जैन समाज के सैकड़ों श्रद्धालुओं, राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मित्रजनों और कॉलोनीवासियों ने आचार्य श्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया। जैनाचार्य के आगमन से पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का वातावरण दिखाई दिया।
जैनाचार्य श्री के आवास पर पहुंचने पर महानगर अध्यक्ष विवेक कुमार बाफ़र ने चरण वंदन कर उनका स्वागत किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात आचार्य श्री व्यासपीठ पर विराजमान हुए और उपस्थित श्रद्धालुओं को अपने आशीर्वचनों से लाभान्वित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आचार्य श्री के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर विवेक कुमार बाफ़र ने कहा कि परम पूज्य जैनाचार्य 108 श्री सौरभ सागर जी महाराज का उनके निजी आवास पर आगमन उनके जीवन के सबसे सुखद और सौभाग्यशाली क्षणों में से एक है। उन्होंने कहा कि यह परमपिता परमेश्वर की असीम कृपा और आशीर्वाद है कि उन्हें अपने घर पर पूज्य आचार्य श्री का सानिध्य प्राप्त करने का अवसर मिला।
विवेक कुमार बाफ़र ने कहा कि जैनाचार्य श्री का सानिध्य और आशीर्वाद उनके लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपने परिवार, राष्ट्रीय लोकदल परिवार, मित्रजनों और समस्त कॉलोनीवासियों की ओर से आचार्य श्री का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
इस अवसर पर जैनाचार्य 108 श्री सौरभ सागर जी महाराज ने अपने आशीर्वचनों में विवेक कुमार बाफ़र के व्यवहार और व्यक्तित्व की सराहना की। आचार्य श्री ने कहा कि प्रिय विवेक का मधुर व्यवहार ही उसकी वास्तविक पहचान है। उन्होंने बताया कि वह विवेक कुमार को काफी समय से जानते हैं। आईआईएमटी और सुभारती के समय से ही विवेक एक अच्छे शिष्य के रूप में उनसे आशीर्वाद प्राप्त करते रहे हैं।
जैनाचार्य श्री ने कहा कि व्यक्ति के जीवन में मधुर व्यवहार और अच्छे संस्कारों का विशेष महत्व होता है। इस अवसर पर उन्होंने विवेक कुमार बाफ़र के साथ अपने पुराने परिचय का भी उल्लेख किया। बताया गया कि आचार्य श्री सरधना जाते समय विवेक कुमार बाफ़र के आवास पर प्रवास के लिए पहुंचे थे।
जैनाचार्य श्री के आगमन को लेकर गोडविन कॉलोनी में विशेष उत्साह दिखाई दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु उनके दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए पहुंचे। इस दौरान उपस्थित लोगों ने आचार्य श्री के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। कार्यक्रम का वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक भावनाओं से परिपूर्ण रहा।
कार्यक्रम में जसविंदर सिंह, नरेश मल्लापुर, अक्षय चौधरी, नमन बंसल, वरुण मलिक, अनंत खेपड़, नरेंद्र जैन और विशाल जैन सहित राष्ट्रीय लोकदल के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जैन समाज के गणमान्य व्यक्ति, कॉलोनीवासी एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने जैनाचार्य श्री के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।