नमो भारत ट्रेन
मेरठ। नमो भारत कॉरिडोर के आसपास पतंग उड़ाने को लेकर एनसीआरटीसी ने आम जनता के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। एनसीआरटीसी ने लोगों से अपील की है कि वे नमो भारत कॉरिडोर और इसकी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के आसपास पतंग न उड़ाएं। खास तौर पर धातु मिश्रित या चाइनीज मांझे का इस्तेमाल करने से बचने की अपील की गई है।
एनसीआरटीसी के अनुसार नमो भारत कॉरिडोर कई घनी आबादी वाले क्षेत्रों से होकर गुजरता है। ऐसे में कॉरिडोर और उसके आसपास पतंग उड़ाने से यात्रियों के साथ-साथ आम लोगों की सुरक्षा को भी गंभीर खतरा हो सकता है। नमो भारत ट्रेनें 25 केवी एसी ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) के माध्यम से संचालित होती हैं, जिसमें हर समय विद्युत प्रवाह रहता है।
हाई-वोल्टेज विद्युत लाइन से हो सकता है जानलेवा हादसा
एनसीआरटीसी ने बताया कि नमो भारत कॉरिडोर की विद्युत आपूर्ति प्रणाली हाई-वोल्टेज है। पतंग की डोर यदि ओवरहेड इक्विपमेंट के संपर्क में आती है तो यह बेहद गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
विशेष रूप से धातु मिश्रित या चाइनीज मांझा विद्युत प्रवाह का संवाहक हो सकता है। इसके कारण मांझा OHE में उलझ सकता है और पतंग उड़ाने वाला व्यक्ति भी गंभीर विद्युत हादसे की चपेट में आ सकता है। हाई-वोल्टेज OHE के संपर्क में आने से व्यक्ति को गंभीर चोट लगने के साथ जान का खतरा भी हो सकता है।
ट्रेन के पैंटोग्राफ में फंस सकती है पतंग की डोर
नमो भारत ट्रेनों में पैंटोग्राफ नामक उपकरण लगा होता है। यह उपकरण ओवरहेड विद्युत प्रणाली से ट्रेन को संचालन के लिए बिजली प्राप्त करता है।
एनसीआरटीसी के मुताबिक यदि पतंग की डोर OHE में उलझ जाती है या ट्रेन के पैंटोग्राफ के संपर्क में आती है, तो इससे विद्युत प्रणाली अथवा पैंटोग्राफ को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसी स्थिति में नमो भारत ट्रेन सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं और यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
कॉरिडोर पर विशेष निगरानी
सार्वजनिक सुरक्षा और नमो भारत सेवाओं के निर्बाध संचालन को सुनिश्चित करने के लिए एनसीआरटीसी ने पूरे कॉरिडोर पर आवश्यक सुरक्षा एवं निगरानी के इंतजाम किए हैं। पतंग से संबंधित घटनाओं की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष टीमें लगातार निगरानी और सतर्कता बनाए हुए हैं।
इसके अलावा ट्रेन ऑपरेटरों और स्टेशन स्टाफ को भी पटरियों तथा ओवरहेड विद्युत प्रणाली के आसपास पतंग की डोर अथवा किसी अन्य प्रकार की रुकावट पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
त्योहार जिम्मेदारी से मनाने की अपील
एनसीआरटीसी ने आम जनता से अपील की है कि त्योहारों का जश्न पूरी जिम्मेदारी और सावधानी के साथ मनाएं। लोगों से विशेष रूप से नमो भारत कॉरिडोर और उसकी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के आसपास पतंग न उड़ाने का आग्रह किया गया है।
एनसीआरटीसी का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी से गंभीर दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। लोगों के सहयोग से न केवल सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि नमो भारत ट्रेनों का निर्बाध, सुरक्षित और सुगम संचालन भी जारी रखा जा सकेगा।
लोगों के लिए जरूरी सावधानी
- नमो भारत कॉरिडोर और OHE के आसपास पतंग न उड़ाएं।
- हाई-वोल्टेज विद्युत लाइनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
- धातु मिश्रित या चाइनीज मांझे का इस्तेमाल न करें।
- पतंग की डोर को रेलवे ट्रैक, OHE या ट्रेन के आसपास न जाने दें।
- बच्चों को नमो भारत कॉरिडोर के आसपास पतंग उड़ाने से रोकें।
- किसी भी पतंग या मांझे को OHE अथवा रेलवे उपकरण में फंसा देखकर स्वयं हटाने का प्रयास न करें।
एनसीआरटीसी ने कहा है कि सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आम जनता के सहयोग से नमो भारत कॉरिडोर को सुरक्षित रखते हुए ट्रेन सेवाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सकता है।