राजस्व समीक्षा बैठक को संबोधित करते मेरठ जिलाधिकारी डॉ वी के सिंह
मेरठ। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में कर-करेत्तर, राजस्व संग्रह एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रह में तेजी लाने और अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कर वसूली और राजस्व प्राप्ति से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। संबंधित अधिकारी सक्रियता और गंभीरता के साथ प्रभावी कार्रवाई करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करें।
अवैध टैक्सी स्टैंड और डग्गामार बसों के खिलाफ चलेगा अभियान
बैठक में परिवहन विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अवैध टैक्सी स्टैंड, डग्गामार बसों तथा बिना परमिट संचालित वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर जांच करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। परिवहन विभाग को नियमित रूप से अभियान चलाकर बिना परमिट एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
घटतौली के खिलाफ नियमित चेकिंग के निर्देश
बाट-माप विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने प्रतिष्ठानों पर नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर माप-तौल में किसी भी प्रकार की अनियमितता या घटतौली पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए बाट-माप संबंधी नियमों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
हर नगर क्षेत्र में विकसित होंगे मॉडल पार्क और मॉडल रोड
नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक नगर क्षेत्र में एक-दो मॉडल पार्क और मॉडल रोड विकसित करने की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर शुरू की जाए।
उन्होंने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को निर्देशित किया कि सभी अधिशासी अधिकारियों के साथ बैठक कर उपयुक्त स्थानों को चिन्हित किया जाए और मॉडल पार्क तथा मॉडल रोड विकसित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए।
साफ-सफाई और जलभराव की समस्या दूर करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव की समस्या न हो, इसके लिए पहले से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
इसके साथ ही उन्होंने स्ट्रीट लाइट, सड़कों की मरम्मत तथा अन्य आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए।
विद्युत व्यवस्था को लेकर भी दिए निर्देश
विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिले में कहीं भी ढीले विद्युत तार, क्षतिग्रस्त विद्युत पोल, खराब या क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर तथा अनावश्यक विद्युत ट्रिपिंग की समस्या नहीं रहनी चाहिए।
उन्होंने विद्युत अधिकारियों को नियमित निगरानी करने तथा शिकायत या खराबी सामने आने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिले की सभी गौशालाओं में भी विद्युत सुरक्षा एवं विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की समुचित जांच कराने और आवश्यक कमियों को दूर कराने के निर्देश दिए।
राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी
बैठक में राजस्व न्यायालयों में लंबित राजस्व वादों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों का निस्तारण केवल शीघ्रता से ही नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण एवं नियमानुसार किया जाए, ताकि संबंधित पक्षों को समय पर न्याय मिल सके।
निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली पर जोर
जिलाधिकारी ने आबकारी, स्टाम्प एवं पंजीकरण, वाणिज्य कर, प्रवर्तन, खनन, परिवहन, वानिकी, मंडी, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों सहित विभिन्न विभागों के कर-करेत्तर एवं राजस्व संग्रह की समीक्षा की।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कर एवं राजस्व की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए और राजस्व संग्रह में प्रभावी प्रगति दिखाई दे। उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने विभागों में राजस्व वसूली से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा करने और कमियों को दूर करने को कहा।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विजय वर्धन तोमर, अपर जिलाधिकारी (नगर) बृजेश सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, नगर मजिस्ट्रेट, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, समस्त उप जिलाधिकारी, एआई स्टाम्प, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के समस्त अधिशासी अधिकारी सहित बाट-माप, आबकारी, वाणिज्य कर, परिवहन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।