कैलाश प्रकाश की जयंती पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई
मेरठ। लाला लाजपत राय स्मारक (एलएलआरएम) मेडिकल कॉलेज, मेरठ में शुक्रवार को स्वतंत्रता सेनानी, प्रख्यात समाजसेवी एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व शिक्षा एवं वित्त मंत्री डॉ. (स्व.) कैलाश प्रकाश की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उनके शिक्षा, चिकित्सा और समाज सेवा के क्षेत्र में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता ने कहा कि डॉ. कैलाश प्रकाश का मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास में योगदान अद्वितीय और अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनकी दूरदर्शी सोच का लाभ आज भी समाज को मिल रहा है और उनका व्यक्तित्व नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के उप-प्राचार्य एवं अस्थि रोग विभागाध्यक्ष डॉ. ज्ञानेश्वर टांक ने कहा कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय और लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों की स्थापना का महत्वपूर्ण श्रेय डॉ. कैलाश प्रकाश को जाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में उनके प्रयासों ने मेरठ को नई पहचान दिलाई।
कार्यक्रम में श्री कैलाश प्रकाश जन सेवा संस्थान के अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता ने डॉ. कैलाश प्रकाश के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म मेरठ जनपद के परीक्षितगढ़ में एक सामान्य परिवार में हुआ था। महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित होकर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की और देश की आजादी के संघर्ष के दौरान जेल भी गए।
उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद डॉ. कैलाश प्रकाश ने सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाई और उत्तर प्रदेश सरकार में शिक्षा मंत्री एवं वित्त मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए प्रदेश के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया। शिक्षा और जनसेवा के क्षेत्र में उनके कार्य आज भी प्रेरणादायी हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि डॉ. कैलाश प्रकाश का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, शिक्षा के प्रसार और समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनके आदर्शों और विचारों का अनुसरण कर ही समाज और देश के विकास को नई दिशा दी जा सकती है।
इस अवसर पर श्री कैलाश प्रकाश जन सेवा संस्थान के अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, सचिव सुभाष चंद्रा, पूर्व संपादक पुष्पेंद्र शर्मा, अनुज सिंघल, विवेक गर्ग, अमित मांगलिक सहित संस्थान के पदाधिकारी, मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन डॉ. कैलाश प्रकाश के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बताए आदर्शों पर चलने और समाज सेवा के संकल्प के साथ किया गया।