संयुक्त प्रेस क्लब की बैठक में शामिल पत्रकार
मेरठ। संयुक्त प्रेस क्लब (रजि.) मेरठ की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को मंगल पांडे नगर स्थित मेरठ प्रेस क्लब परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार अशोक गोस्वामी ने की, जबकि संचालन क्लब के महामंत्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह तोमर ने किया। बैठक में पत्रकार हितों की रक्षा, संगठन के विस्तार, पत्रकार कल्याण योजनाओं तथा विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए क्लब के अध्यक्ष अतुल माहेश्वरी ने कहा कि संयुक्त प्रेस क्लब पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल औपचारिक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि पत्रकारों की वास्तविक समस्याओं का समाधान कराना है। यदि किसी भी पत्रकार के साथ अन्याय होता है तो संयुक्त प्रेस क्लब उसके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा और प्रशासनिक एवं कानूनी स्तर पर हरसंभव सहयोग करेगा।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं, पहचान और सम्मान से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन लगातार सक्रिय है। प्रशासन के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर पत्रकारों के हितों से जुड़े मामलों को प्रभावी ढंग से उठाया जा रहा है। उन्होंने सभी पत्रकारों से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता होती है।
महामंत्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह तोमर ने कहा कि संयुक्त प्रेस क्लब लगातार पत्रकारों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखता रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और उसकी सुरक्षा तथा सम्मान सुनिश्चित करना संगठन का दायित्व है। क्लब का प्रत्येक पदाधिकारी पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से समय-समय पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपमहानिरीक्षक, जिलाधिकारी एवं नगर आयुक्त मेरठ को ज्ञापन सौंपकर पत्रकारों से संबंधित विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की गई, जिसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी संगठन पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा।
संगठन की उपलब्धियों की हुई सराहना
बैठक के दौरान संयुक्त प्रेस क्लब द्वारा किए गए विभिन्न जनहित और पत्रकार हितैषी कार्यों की समीक्षा की गई। सदस्यों ने संगठन की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए बताया कि क्लब के प्रयासों से कमिश्नरी चौराहे पर छह कुर्सी-बेंच स्थापित कराई गईं, जिससे पत्रकारों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी सुविधा मिल रही है।
इसके अलावा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, मेरठ कार्यालय में वाटर कूलर और पानी का फ्रिज स्थापित कराया गया, जिससे वहां आने वाले पत्रकारों और कर्मचारियों को पेयजल की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकी।
इसी क्रम में मेरठ प्रेस क्लब परिसर में 16 सीटों वाली बेंच लगवाई गई, विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा वर्षों से खराब पड़े हैंडपंप की मरम्मत कर उसे पुनः चालू कराया गया। इन कार्यों के लिए अध्यक्ष अतुल माहेश्वरी और महामंत्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह तोमर के प्रयासों की बैठक में उपस्थित सदस्यों ने सराहना की।
पत्रकार कल्याण से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा
बैठक में पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं, बीमा योजना, पहचान पत्र, पत्रकार सुरक्षा, प्रशिक्षण कार्यक्रम, प्रशासनिक समन्वय तथा पत्रकार कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए।
सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आने वाले समय में पत्रकार हितों की रक्षा, संगठन विस्तार तथा पत्रकारों की सुविधाओं में वृद्धि के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे।
इनकी रही उपस्थिति
बैठक में राजेंद्र प्रताप चौहान, अतुल माहेश्वरी, धर्मेंद्र प्रताप सिंह तोमर, लियाकत मंसूरी, रमेश सोनी, अशोक टाइगर, श्रीपाल तेवतिया, अशोक गोस्वामी, सुनील बादली, गौरव पांडेय, शालू शर्मा, वंशिका शर्मा, माही कश्यप, मदन गोपाल, योगेश कौशिक, अहसान मुश्ताक, सुनील कुमार, राहुल गुप्ता, मुकेश कुमार गुप्ता, दिनेश कुमार सिंघल, प्रभास रस्तोगी, विभूति रस्तोगी, गौरव गोयल, सुनील शर्मा, मुन्ना, नदीम, एम.एच. खान, मोहम्मद नौशाद, मंगल उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक का समापन पत्रकार एकता, संगठन की मजबूती तथा पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के सामूहिक संकल्प के साथ किया गया। संगठन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी पत्रकारों के हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर मजबूती से आवाज उठाई जाएगी और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।