बिजली संकट पर भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा ने मुख्य अभियंता संग की बैठक
मेरठ । शहर विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा ने सोमवार को क्षेत्र में व्याप्त विद्युत समस्याओं के स्थायी समाधान को लेकर पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के हाइडल कॉलोनी, विक्टोरिया पार्क स्थित मुख्य अभियंता प्रथम कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में मुख्य अभियंता के अलावा अधीक्षण अभियंता (एसई), अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) तथा उपखंड अधिकारी (एसडीओ) सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कमल दत्त शर्मा ने क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की समस्या, जर्जर विद्युत लाइनों के प्रतिस्थापन, ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि तथा आवश्यकता वाले क्षेत्रों में नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के दौरान लगातार बिजली बाधित रहने से आमजन, व्यापारियों, विद्यार्थियों और घरेलू उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए त्वरित एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कमल दत्त शर्मा ने स्पष्ट कहा कि जनता को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्रवार समस्याओं का सर्वे कर शीघ्र समाधान करने और आवश्यक तकनीकी सुधार कार्यों में तेजी लाने की मांग की।
बैठक में मौजूद विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए भरोसा दिलाया कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। मुख्य अभियंता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, जर्जर विद्युत लाइनों को बदलने तथा आवश्यकता वाले क्षेत्रों में नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
इस दौरान व्यापार संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता एवं दलजीत सिंह ने भी व्यापारियों की ओर से अपनी बात रखते हुए कहा कि लगातार बिजली बाधित रहने से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं, जिससे कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने बाजार क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
बैठक में क्षेत्र की अन्य विद्युत समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई तथा अधिकारियों ने संबंधित मामलों में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मीडिया प्रभारी विक्रम शर्मा, नितिन बच्चन, मयूर अग्रवाल, शिवम शर्मा (छोटा), रुद्र शर्मा, विकास केन, अंकुर राजपूत (परतापुर) तथा अनस सिद्दीकी भी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में कमल दत्त शर्मा ने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे तथा जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को प्रशासन और विद्युत विभाग के समक्ष मजबूती से उठाते रहेंगे