शैंकी वर्मा (सपा नेता, मेरठ व्यापार मंडल )
सपा नेता बोले- व्यापारियों को घोषणाओं और वादों की नहीं, कारोबार की सुरक्षा की जरूरत
मेरठ। सेंट्रल मार्केट प्रकरण को लेकर भाजपा नेताओं की ओर से की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस पर समाजवादी पार्टी के नेता शैंकी वर्मा ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़े-बड़े वादों और योजनाओं की लंबी सूची प्रस्तुत की गई, जबकि जमीनी स्तर पर सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों की समस्याओं का समाधान अभी नहीं हुआ है। शैंकी वर्मा ने कहा कि भाजपा नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिस तरह योजनाओं और भविष्य के कदमों की जानकारी दी, उससे ऐसा प्रतीत कराया गया जैसे सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों की सभी समस्याओं का समाधान हो चुका हो। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार के पास इतनी बड़ी योजना पहले से तैयार थी तो मुख्यमंत्री के दो दिन पहले हुए मेरठ दौरे के दौरान इसकी घोषणा क्यों नहीं की गई।
व्यापारियों को प्रेस कॉन्फ्रेंस के वादे नहीं, कारोबार की सुरक्षा चाहिए
सपा नेता ने कहा कि सेंट्रल मार्केट के व्यापारी लंबे समय से अपने कारोबार और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ऐसे में उन्हें केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस में किए जाने वाले वादों की जरूरत नहीं है, बल्कि स्पष्ट और ठोस समाधान चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के सामने अपने कारोबार को लेकर जो परिस्थितियां बनी हुई हैं, उनमें सरकार को स्पष्ट नीति और प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। केवल घोषणाओं से व्यापारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता।
17 हजार निर्माणों की सूची को लेकर अधिकारियों पर सवाल
शैंकी वर्मा ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने करीब 17 हजार निर्माणों की सूची सरकार और जनप्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्तुत किए बिना सुप्रीम कोर्ट में दाखिल कर दी। उन्होंने सवाल किया कि इतनी बड़ी संख्या में निर्माणों से जुड़ी सूची तैयार कर उसे न्यायालय में दाखिल करने से पहले क्या सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दी गई थी। उन्होंने इस मामले में अधिकारियों की भूमिका और प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए।
व्यापारियों के हित की प्रेस कॉन्फ्रेंस में व्यापारी नेता क्यों नहीं दिखे?
शैंकी वर्मा ने भाजपा नेताओं की प्रेस कॉन्फ्रेंस में व्यापारी प्रतिनिधियों की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जब प्रेस कॉन्फ्रेंस का मुख्य विषय व्यापारियों के हित और सेंट्रल मार्केट की समस्या थी, तब वहां किसी प्रमुख व्यापारी नेता का नजर नहीं आना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों से जुड़े किसी भी फैसले में व्यापारी प्रतिनिधियों की राय और उनकी वास्तविक समस्याओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। शैंकी वर्मा ने कहा कि व्यापारियों के हित में सरकार को स्पष्ट नीति के साथ आगे आना चाहिए, ताकि लंबे समय से चल रही असमंजस की स्थिति समाप्त हो सके।