61वें स्थापना दिवस पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित हवन कार्यक्रम में आहुति देती प्राचार्य डॉ संगीता शुक्ला
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू), मेरठ का 61वां स्थापना दिवस गुरुवार को उत्साह, गरिमा और आध्यात्मिक वातावरण के बीच मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने परिसर में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत विश्वविद्यालय, राष्ट्र और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के लिए विधि-विधानपूर्वक हवन एवं पूजन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने विश्वविद्यालय परिवार को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय पिछले छह दशकों से शिक्षा, शोध, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की यह प्रगति किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि शिक्षकों, कर्मचारियों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों के सामूहिक समर्पण और निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करना नहीं होता, बल्कि उनमें नैतिक मूल्यों, अनुशासन, सामाजिक संवेदनशीलता और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी होता है। शिक्षा तभी सार्थक मानी जाएगी, जब वह विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार, संवेदनशील और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करे।
कुलपति ने कहा कि वर्तमान समय ज्ञान, विज्ञान, तकनीक और नवाचार का युग है। ऐसे में विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी है कि वह गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों को बढ़ावा देते हुए विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप तैयार करे। उन्होंने विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे ईमानदारी, समर्पण और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए विश्वविद्यालय को उत्कृष्टता के नए आयामों तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक सहयोग, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयासों से चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय भविष्य में भी शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और अकादमिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान को और अधिक मजबूत करेगा।
स्थापना दिवस समारोह के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में सकारात्मक और उत्सवपूर्ण वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों और अधिकारियों ने विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं शोध को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कार्यवाहक कुलसचिव प्रो. भूपेंद्र सिंह, वित्त अधिकारी रमेश चंद्र, परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्णा यादव, प्रो. वीरपाल सिंह, प्रो. अतवीर सिंह, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परिषद के समन्वयक प्रो. कृष्णकांत शर्मा, प्रो. राकेश कुमार शर्मा, प्रो. रमाकांत ओझा, प्रो. प्रदीप चौधरी, प्रो. सरू कुमारी, डॉ. जमाल अहमद सिद्दीकी, प्रो. संजीव कुमार, डॉ. गुलाब सिंह रुहल, डॉ. दुष्यंत चौहान, डॉ. ओमपाल सिंह, डॉ. वैशाली पाटिल, डॉ. योगेंद्र गौतम, डॉ. जितेंद्र गोयल, डॉ. विवेक कुमार, इंजीनियर मनीष मिश्रा, इंजीनियर विकास त्यागी, इंजीनियर मनोज कुमार, प्रेस प्रवक्ता मितेंद्र कुमार गुप्ता, सर्वोत्तम शर्मा, अमित शर्मा सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्थापना दिवस समारोह ने विश्वविद्यालय की गौरवशाली विरासत, शैक्षणिक उत्कृष्टता और समाज व राष्ट्र निर्माण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को एक बार फिर रेखांकित किया।