नन्हे बच्चे का अन्नप्राशन कराते उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या जनपद के बीकापुर क्षेत्र में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वर्गीय मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मुन्ना सिंह चौहान ने साधारण परिवार से निकलकर संघर्ष के बल पर अपनी अलग पहचान बनाई और किसानों के हितों तथा सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय मुन्ना सिंह चौहान की जनसेवा की विरासत को उनके पुत्र अमित सिंह चौहान आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमित सिंह चौहान बीकापुर के विकास और डबल इंजन सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए उनका प्रयास सराहनीय है।

वीर-वीरांगनाओं और महापुरुषों के रूप में सजे बच्चों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण वीर-वीरांगनाओं, स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों के परिधानों में सजे बच्चे रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों के बीच पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन किया और उनसे आत्मीय संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ हंसी-मजाक भी किया। उन्होंने हाथ में एक सेब लेकर भगत सिंह की वेशभूषा में आए बच्चे से मुस्कुराते हुए पूछा, “यह आलू है क्या?” बच्चे ने तुरंत जवाब दिया, “नहीं, यह सेब है।” इस पर पूरा पंडाल तालियों और ठहाकों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट, उपहार और खिलौने वितरित कर उनका मनोबल बढ़ाया तथा उनमें राष्ट्रभक्ति और संस्कारों की भावना विकसित करने का संदेश दिया।
नन्हे बच्चों का कराया अन्नप्राशन
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान आयोजित अन्नप्राशन संस्कार में भी भाग लिया। उन्होंने नन्हे-मुन्ने बच्चों को गोद में लेकर उनके माथे पर चंदन लगाया और विधि-विधान से अन्नप्राशन कराया। इस दौरान उन्होंने बहुसंख्यक और अल्पसंख्यक समुदाय सहित सभी वर्गों के बच्चों को समान स्नेह देते हुए खिलौने और उपहार भेंट किए।
शिव मंदिर में की पूजा-अर्चना
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समीप स्थित भगवान शिव के मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से उत्तर प्रदेश को निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर रखने की प्रार्थना की।
विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें सहायता सामग्री, प्रमाण-पत्र और वित्तीय सहायता वितरित की।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत अनुराधा दुबे और अंजू को 11 करोड़ रुपये से अधिक का चेक प्रदान किया गया।
विद्युत सखी योजना के तहत वर्षा को थर्मल प्रिंटर प्रदान किया गया, जबकि किरण और पूजा सिंह को विद्याशक्ति किट वितरित की गई।
बैंक सखी योजना के अंतर्गत अनिता पाल को प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत सोनी मौर्या और पिंकी को नए आवास की चाबियां सौंपी गईं।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत अवनीश मिश्र को 4.18 लाख रुपये तथा अमित गौतम को 3 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के लाभार्थी शिवपूजन को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत पंकज कुमार और विकास को टूलकिट प्रदान की गई।
उर्वरा वर्मी कंपोस्ट योजना के तहत आलोक कुमार वर्मा और अशोक कुमार को वर्मी कंपोस्ट खाद उपलब्ध कराई गई।
वहीं रीता सिंह और महावीर सिंह को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।
किसानों और समाज के प्रति समर्पण को किया याद
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय मुन्ना सिंह चौहान का जीवन किसानों की सेवा, सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधियों का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और नई पीढ़ी को उनके कार्यों से सीख लेनी चाहिए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया गया, जिससे आमजन में विशेष उत्साह दिखाई दिया।