छात्रों की गूंज अभियान को लेकर कैंपस में छात्रों से रूबरू होते कांग्रेसी नेता अवनीश काजला
मेरठ। कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की शुरुआत मेरठ में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुई। अभियान के पहले ही दिन बड़ी संख्या में छात्रों ने इसमें भाग लेते हुए मिस्ड कॉल और पंजीकरण फॉर्म भरकर अपना समर्थन दर्ज कराया। अभियान के तहत कांग्रेस की मेरठ एक्शन टीम ने शहर के विभिन्न कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पहुंचकर छात्रों से संवाद किया तथा उन्हें शिक्षा, रोजगार और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर जागरूक किया।
अभियान का नेतृत्व शहर संयोजक अवनीश काजला ने किया। उन्होंने बताया कि पहले ही दिन अभियान को छात्रों का जबरदस्त समर्थन मिला है। उनके अनुसार हजारों छात्रों ने अभियान से जुड़कर शिक्षा व्यवस्था में सुधार, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा लगातार सामने आ रहे पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर अपनी चिंता और नाराजगी व्यक्त की।
अवनीश काजला ने कहा कि प्रदेश और देश के युवाओं के सामने शिक्षा और रोजगार सबसे बड़ी चुनौतियां बनकर उभरी हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है, जिससे युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का उद्देश्य छात्रों की आवाज़ को एक मंच प्रदान करना और उनके मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना है।
अभियान के दौरान मेरठ एक्शन टीम ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जाकर छात्रों से सीधे संवाद किया। टीम के सदस्यों ने छात्रों को अभियान के उद्देश्य से अवगत कराया और उन्हें आगामी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। इस दौरान कई छात्रों ने अपनी समस्याएं भी टीम के सामने रखीं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का दावा है कि अभियान को छात्रों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है और आने वाले दिनों में इसे जनपद के अधिक से अधिक शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि छात्र समुदाय की आवाज़ को व्यापक स्तर पर उठाया जा सके।
अभियान में शहर संयोजक अवनीश काजला के साथ शहर सह-प्रमुख अजय चौधरी, वासु काजला, अज़ीम प्रधान, इमरान अख्तर, सुमित विकल, जुबैर खान, वासु चौधरी, सौरभ पठान, फरहान, हमजा, सोनम रानी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।