पायल गौर
मेरठ। समाज सेवा और नेतृत्व के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के साथ रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 को नई कमान मिल गई है। पायल गौर ने आधिकारिक रूप से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का दायित्व ग्रहण कर लिया है। वह डिस्ट्रिक्ट 3100 के इतिहास में इस पद पर पहुंचने वाली सबसे युवा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनी हैं। उनका कार्यकाल 1 जुलाई 2026 से 30 जून 2027 तक रहेगा।
रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 के अंतर्गत पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अनेक जिले शामिल हैं। इनमें मेरठ, बुलंदशहर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, बागपत, शामली, बिजनौर और श्रीनगर (गढ़वाल) सहित कई जनपद आते हैं। इस डिस्ट्रिक्ट के अंतर्गत लगभग 130 रोटरी क्लब कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से हजारों रोटेरियन शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, आपदा राहत, महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक विकास जैसे क्षेत्रों में सेवा कार्य करते हैं।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पदभार ग्रहण करने के बाद पायल गौर ने सेवा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में सेवा परियोजनाओं का विस्तार, युवाओं एवं महिलाओं की अधिक भागीदारी, सदस्यता वृद्धि तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास से संबंधित योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि रोटरी की मूल भावना ‘सेवा सर्वोपरि’ को केंद्र में रखते हुए सभी क्लबों के सहयोग से ऐसे कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे, जिनका सीधा लाभ समाज के जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचे। नवाचार, पारदर्शिता और टीमवर्क के माध्यम से सेवा कार्यों को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा।
रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 के रोटेरियनों ने पायल गौर के नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि उनके कार्यकाल में सेवा परियोजनाओं का दायरा और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे। उनकी नियुक्ति से पूरे डिस्ट्रिक्ट में उत्साह का माहौल है और विभिन्न क्लबों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
गौरतलब है कि रोटरी इंटरनेशनल विश्व की प्रमुख सेवा संस्थाओं में से एक है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, पोलियो उन्मूलन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और मानवीय सहायता जैसे क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर कार्य करती है। डिस्ट्रिक्ट 3100 भी वर्षों से समाज सेवा की अनेक प्रभावी परियोजनाओं का संचालन करता रहा है।