"छात्रों की गूंज" अभियान के चौथे दिन कैंपस में अभियान चलाते युवा कांग्रेसी कार्यकर्ता
मेरठ। कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे ‘छात्रों की गूंज‘ अभियान को मेरठ में लगातार छात्रों का समर्थन मिल रहा है। अभियान के चौथे दिन भी शहर के विभिन्न कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों और छात्रावासों में बड़ी संख्या में छात्रों ने भागीदारी करते हुए मिस्ड कॉल और पंजीकरण फॉर्म के माध्यम से अभियान से जुड़कर अपना समर्थन दर्ज कराया।
अभियान के तहत शहर संयोजक अवनीश काजला के नेतृत्व में मेरठ एक्शन टीम ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने छात्रों से शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सीधा संवाद किया। साथ ही छात्रों को अभियान के उद्देश्य की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक संख्या में इससे जुड़ने का आह्वान किया।
अवनीश काजला ने कहा कि अभियान को लगातार मिल रहा छात्रों का समर्थन यह दर्शाता है कि प्रदेश और देश के युवा शिक्षा व्यवस्था, रोजगार के अवसरों और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता जैसे मुद्दों को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों, बढ़ती बेरोज़गारी और शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों को लेकर छात्रों में व्यापक असंतोष है। उनका कहना था कि अब छात्र लोकतांत्रिक और संगठित तरीके से अपनी आवाज़ बुलंद करने के लिए आगे आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ अभियान छात्रों की समस्याओं और उनके अधिकारों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास है। अभियान के माध्यम से युवाओं को एक मंच प्रदान किया जा रहा है, जहां वे शिक्षा और रोजगार से जुड़े अपने मुद्दों को मजबूती से रख सकें।
अभियान के दौरान मेरठ एक्शन टीम ने शहर के विभिन्न कॉलेज परिसरों, छात्रावासों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर छात्रों से संपर्क किया तथा उन्हें आगामी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान शहर संयोजक अवनीश काजला के साथ अल्तमस त्यागी, सहरयाब मुखिया, अजय चौधरी, सोहराब पठान, अज़ीम प्रधान, इमरान अख्तर, सुमित विकल, जुबैर खान, वासु चौधरी, हमजा चौहान, सोनम रानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।