एनकाउंटर स्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी
हापुड़। हापुड़ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में मार गिराया। देर रात हुई इस मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और बाइक बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मारा गया बदमाश हाल ही में एक प्रमुख कारोबारी के यहां हुई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागा बदमाश
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गुरुवार देर रात कोतवाली नगर प्रभारी मनीष चौहान अपनी टीम के साथ बुलंदशहर रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह पुलिस को देखकर तेज गति से भागने लगा।
पुलिस को उसके हावभाव संदिग्ध लगे, जिसके बाद उसका पीछा शुरू किया गया। साथ ही वायरलेस के माध्यम से आसपास के थानों को भी सूचना प्रसारित कर दी गई।
जंगल की ओर भागते हुए की फायरिंग
पुलिस के पीछा करने पर आरोपी बुलंदशहर रोड स्थित सादिकपुर गांव की तरफ जंगल क्षेत्र में भाग गया। सूचना मिलते ही थाना हापुड़ देहात प्रभारी पारस मलिक भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। दोनों थानों की पुलिस टीमों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर बदमाश को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई के दौरान कोतवाली नगर में तैनात एक हेड कांस्टेबल गोली की चपेट में आकर घायल हो गए। गोली उन्हें छूते हुए निकल गई, जिससे उन्हें मामूली चोट आई।
जवाबी कार्रवाई में बदमाश की मौत
पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान श्याम पुत्र निवासी सूरजपुर, थाना पटवाई, जनपद रामपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह वर्तमान में उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित महालक्ष्मी कॉलोनी में रह रहा था।
डकैती समेत कई मामलों में था वांछित
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार श्याम पर कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह हाल ही में हापुड़ के एक प्रमुख कारोबारी के यहां हुई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में भी वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लंबे समय से प्रयास कर रही थी और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
हथियार और बाइक बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक अवैध पिस्टल, कारतूस और आरोपी द्वारा इस्तेमाल की जा रही बाइक बरामद की है। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क और साथियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
क्षेत्र में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर निरीक्षण किया। पूरे मामले की जांच की जा रही है और बरामद हथियारों तथा अन्य साक्ष्यों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।