15 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली
लोहियानगर पुलिस और जनपदीय स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई, हत्या के प्रयास के मामले में था वांछित
मेरठ में वांछित और पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना लोहियानगर पुलिस और जनपदीय स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित 15 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त की निशानदेही पर अवैध असलहा बरामद करने के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए मेरठ के पीएल शर्मा अस्पताल भेजा गया।
गाजियाबाद के निवाड़ी क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर वांछित और पुरस्कार घोषित अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण में थाना लोहियानगर पुलिस तथा जनपदीय स्वाट टीम ने कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 3 अक्टूबर 2026 को थाना निवाड़ी क्षेत्र के चेक पोस्ट सौंदा, जनपद गाजियाबाद के पास से फिरोज पुत्र वशीर, निवासी जाकिर कॉलोनी, थाना लोहियानगर, मेरठ को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, फिरोज की उम्र करीब 30 वर्ष है और वह लोहियानगर थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ की ओर से 15 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।

असलहा बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग का आरोप
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त फिरोज की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध असलहे की बरामदगी के लिए पुलिस टीम उसे ग्राम बजौट, थाना लोहियानगर क्षेत्र में अंडरपास के पास लेकर पहुंची। इसी दौरान बरामदगी की कार्रवाई के बीच अभियुक्त ने मौका पाकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान फिरोज के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए पीएल शर्मा अस्पताल, मेरठ भेजा। मौके से पुलिस ने एक अवैध .315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
हत्या के प्रयास के मामले में था वांछित
पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर 2026 को सोनू मलिक ने थाना लोहियानगर में तहरीर दी थी। आरोप था कि अभियुक्तों ने उसके भाई हारुन को जान से मारने की नीयत से अवैध असलहे से फायरिंग की, जिसमें हारुन गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले में थाना लोहियानगर पर मु0अ0सं0 628/2026, धारा 109(1) बीएनएस और 3/25/27 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में वांछित अभियुक्त फिरोज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। गिरफ्तारी न होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ द्वारा उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
दो मुकदमे दर्ज
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त फिरोज के खिलाफ बरामदगी और पुलिस मुठभेड़ के संबंध में भी मुकदमा दर्ज किया है। थाना लोहियानगर में मु0अ0सं0 694/2026, धारा 109(1) बीएनएस तथा 3/25/27 आयुध अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी का विवरण
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे/निशानदेही से निम्न सामान बरामद किया गया—
01 अवैध तमंचा .315 बोर
02 खोखा कारतूस .315 बोर
गिरफ्तार अभियुक्त
फिरोज पुत्र वशीर, निवासी मकान नंबर 1729, गली नंबर 24, जाकिर कॉलोनी, थाना लोहियानगर, जनपद मेरठ, उम्र करीब 30 वर्ष। पुलिस कार्रवाई के दौरान वह घायल हुआ है।
पुलिस टीम ने की संयुक्त कार्रवाई
अभियुक्त की गिरफ्तारी और कार्रवाई में स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक मनीष सिंह मय टीम, थाना लोहियानगर से उपनिरीक्षक शिवम पाठक, उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, हेड कांस्टेबल 55 नवनीत, हेड कांस्टेबल 483 मयंक शर्मा और हेड कांस्टेबल 211 अभिषेक राणा शामिल रहे।