रोडरेज में घायल युवक
जेप्टो कार्यालय में शिकायत करने पहुंचे थे दोनों भाई, CCTV में कैद हुई मारपीट की घटना; एक आरोपी की पहचान का पुलिस का दावा
मेरठ । गंगानगर थाना क्षेत्र में रोडरेज के बाद दो भाइयों के साथ कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब 10 से 12 युवकों ने दोनों भाइयों को घेरकर पीटा। इनमें ई-कॉमर्स कंपनी जेप्टो के कुछ कर्मचारी भी शामिल बताए जा रहे हैं। मारपीट की पूरी घटना जेप्टो कार्यालय में लगे CCTV कैमरों में कैद होने की बात कही जा रही है। घटना के बाद दोनों भाइयों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कसैरूबक्सर चौराहे के पास स्कूटी से टकराई बाइक
जानकारी के मुताबिक बुधवार रात करीब 8:30 बजे दोनों भाई नैतिक और विहान गंगानगर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कसैरूबक्सर चौराहे के पास रॉन्ग साइड से आ रही एक बाइक उनकी स्कूटी से टकरा गई। हादसे के बाद बाइक सवार युवकों और दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। बताया गया कि विवाद के बाद दोनों भाई मामले की शिकायत करने जेप्टो के कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पहले हुए विवाद में शामिल युवकों ने अपने अन्य साथियों को फोन कर बुला लिया।
जेप्टो कार्यालय में घेरकर मारपीट का आरोप
परिजनों का आरोप है कि दोनों भाई कार्यालय में मैनेजर से शिकायत करने पहुंचे थे। इसी दौरान कई युवक वहां पहुंच गए और दोनों भाइयों को कार्यालय के अंदर घेर लिया। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने दोनों के साथ दोबारा मारपीट शुरू कर दी। परिजनों के मुताबिक दोनों भाइयों के साथ करीब 35 मिनट तक मारपीट की गई। CCTV फुटेज में कई युवक दोनों भाइयों को घेरकर हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। कुछ युवक दोनों को पकड़े हुए नजर आ रहे हैं, जबकि अन्य उनके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।

पिता पहुंचे तो घायल हालत में मिले दोनों बेटे
मारपीट के बाद दोनों भाइयों ने घटना की जानकारी अपने परिवार को दी। सूचना मिलने पर उनके पिता विनीत गर्ग जेप्टो कार्यालय पहुंचे। उनका आरोप है कि वहां पहुंचने पर एक बेटे के सिर से खून निकल रहा था, जबकि दूसरा बेटा भी घायल हालत में बैठा हुआ था। विनीत गर्ग ने पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद गंगानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजन दोनों घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर गए, जहां उनका इलाज चल रहा है।
CCTV फुटेज से छेड़छाड़ का भी आरोप
परिजनों का आरोप है कि मारपीट के बाद हमलावरों की नजर कार्यालय में लगे CCTV कैमरों पर पड़ी। उन्होंने कथित तौर पर CCTV फुटेज हटाने का प्रयास किया, लेकिन विरोध के चलते ऐसा नहीं कर सके। विनीत गर्ग का आरोप है कि इस दौरान कैमरों के कनेक्टर निकाल दिए गए थे। हालांकि, CCTV कैमरों में मारपीट की घटना रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। फुटेज के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
10 से 12 हमलावर होने का आरोप
घायल युवकों के पिता विनीत गर्ग ने आरोप लगाया कि मारपीट करने वालों की संख्या करीब 10 से 12 थी। इनमें कुछ बाहरी युवक थे, जबकि कुछ को जेप्टो के कर्मचारी बताया जा रहा है। परिजनों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस ने एक आरोपी की पहचान की
गंगानगर थाना प्रभारी विनय कुमार के अनुसार पुलिस ने मारपीट में शामिल एक युवक की पहचान कर ली है। उसकी तलाश में पुलिस टीम ने दबिश भी दी है। फिलहाल आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, विनीत गर्ग का आरोप है कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। उनका कहना है कि कार्रवाई की मांग करने पर एक दरोगा ने घटना को सामान्य मारपीट बताया। हालांकि पुलिस की ओर से आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी होने की बात कही गई है। मामले में CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है।