दिल्ली मेरठ नमो भारत को मिला बेस्ट पैसेंजर सर्विसेज एंड सेटिस्फेक्शन पुरस्कार
मेरठ। दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को भुवनेश्वर में आयोजित 19वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया (यूएमआई) कॉन्फ्रेंस एंड एक्सपो 2026 में ‘बेस्ट पैसेंजर सर्विसेज एंड सैटिस्फैक्शन’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल को यह पुरस्कार प्रदान किया। सम्मेलन में एनसीआरटीसी को अपनी प्रदर्शनी के लिए प्रथम पुरस्कार भी मिला। संस्था ने लगातार दूसरे वर्ष ‘बेस्ट एग्जीबिटर’ का सम्मान हासिल किया है।
4.8 करोड़ से अधिक यात्राएं पूरी
एनसीआरटीसी के अनुसार, अक्टूबर 2023 में चरणबद्ध परिचालन शुरू होने के बाद से दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर अब तक 4.8 करोड़ से अधिक यात्री यात्राएं दर्ज की जा चुकी हैं। वर्तमान में प्रतिदिन 1.1 लाख से अधिक यात्री इसकी सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। कॉरिडोर पर एक दिन में 1.68 लाख से अधिक यात्रियों के सफर का रिकॉर्ड भी दर्ज किया गया है।

एनसीआरटीसी का कहना है कि ये आंकड़े दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच क्षेत्रीय रेल सेवा की बढ़ती उपयोगिता को दर्शाते हैं। नमो भारत का उद्देश्य प्रमुख शहरी केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों के बीच तेज और सुविधाजनक संपर्क उपलब्ध कराना है।
तेज, आरामदायक और समयबद्ध सफर पर जोर
नमो भारत के वातानुकूलित कोच, आधुनिक स्टेशन, समयबद्ध परिचालन और सुविधाजनक इंटरचेंज यात्रियों को क्षेत्रीय सफर का नया विकल्प देते हैं। रोजगार, शिक्षा, व्यापार और अन्य कार्यों के लिए नियमित यात्रा करने वाले लोगों को इससे लाभ मिल रहा है। सड़क यातायात की भीड़ या खराब मौसम के दौरान भी यह सेवा एक वैकल्पिक परिवहन माध्यम उपलब्ध कराती है।
कॉरिडोर को मेट्रो, भारतीय रेलवे, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों और सिटी बसों जैसे सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़ने पर भी काम किया गया है। एनसीआरटीसी के मुताबिक, इसी बुनियादी ढांचे पर स्थानीय मेरठ मेट्रो सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं, जिससे क्षेत्र के भीतर संपर्क और बेहतर हुआ है।
99.9 प्रतिशत समयबद्धता का उल्लेख
एनसीआरटीसी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नमो भारत कॉरिडोर को सुशासन का एक उदाहरण बताते हुए इसके समय पर क्रियान्वयन और 160 किलोमीटर प्रति घंटे की परिचालन गति की सराहना की थी। संस्था के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने सेवा की 99.9 प्रतिशत समयबद्धता का भी उल्लेख किया था।
प्रदर्शनी में दिखाई कॉरिडोर की विकास यात्रा
यूएमआई 2026 में एनसीआरटीसी की प्रदर्शनी में दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के निर्माण और विकास की यात्रा प्रस्तुत की गई। इसमें आधुनिक बुनियादी ढांचे, उन्नत तकनीकों, विभिन्न परिवहन साधनों के एकीकरण और ट्रांजिट-ओरिएंटेड डेवलपमेंट से जुड़ी पहलों को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी को प्रथम पुरस्कार मिला और एनसीआरटीसी ने लगातार दूसरे वर्ष ‘बेस्ट एग्जीबिटर’ का खिताब अपने नाम किया।
क्षेत्रीय संपर्क से शहरी विकास को गति
एनसीआरटीसी के अनुसार, बेहतर क्षेत्रीय संपर्क से रोजगार और शिक्षा केंद्रों तक पहुंच आसान हो रही है। नमो भारत स्टेशनों के आसपास आवासीय, व्यावसायिक और सेवा क्षेत्रों में विकास की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं। संस्था का मानना है कि क्षेत्रीय रेल प्रमुख शहरों और आसपास के इलाकों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने के साथ अधिक सुव्यवस्थित शहरी विकास में भी योगदान दे सकती है।