गांधी शास्त्री जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते डीआईजी कलानिधि नेथानी
मेरठ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मेरठ परिक्षेत्र कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस दौरान डीआईजी ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान, त्याग और आदर्शों को याद किया। उन्होंने रेंज कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए दोनों महान विभूतियों के विचारों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
डीआईजी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्श आज भी समाज और देश के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों से इन मूल्यों को अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाते हुए पूरी निष्ठा के साथ जनसेवा करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा के संकल्प के साथ दोनों महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।