विकास भवन सभागार में अधीनस्थों के साथ बैठक करते जिलाधिकारी डॉ वी के सिंह
मेरठ। विकास भवन सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सड़क सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने और शासन व सड़क सुरक्षा परिषद की ओर से जारी दिशा-निर्देशों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
ब्लैक स्पॉट पर शीघ्र कराए जाएं सुधारात्मक कार्य
जिलाधिकारी ने दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट स्थलों की समीक्षा करते हुए वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ब्लैक स्पॉट के संबंध में विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों से सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की लगातार निगरानी करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराने को कहा।
अवैध कट बंद कराने के निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित अवैध कटों को बंद कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा की दृष्टि से अनधिकृत कट दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं, इसलिए संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इसके अलावा बिजनौर और करनाल हाईवे पर एनएचएआई की ओर से आवश्यकता के अनुसार फुटओवर ब्रिज बनाए जाने के लिए उपयुक्त स्थानों का चिन्हांकन करने और आगे की आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
विद्युत पोल शिफ्टिंग के लिए स्थल चिन्हित करने को कहा
मेरठ शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विद्युत पोल शिफ्टिंग से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित स्थलों का चिन्हांकन कर विद्युत विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण, चौड़ीकरण अथवा यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अवरोधों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दूर किया जाए।
सड़कों के पेंचवर्क और मरम्मत कार्य जल्द पूरे हों
जिलाधिकारी ने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, एनसीआरटीसी सहित अन्य संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्र में सड़कों के पेंचवर्क और मरम्मत कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि पेंचवर्क और सड़क मरम्मत के दौरान गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कार्यों की नियमित निगरानी करने और खराब गुणवत्ता की स्थिति में संबंधित स्तर पर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए।
सीएम ग्रिड और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने नगर निगम को सीएम ग्रिड, सड़क मरम्मत, पेंचवर्क और विभिन्न मार्गों पर स्ट्रीट लाइट सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। संबंधित सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने होंगे।
अनुपस्थित अधिकारियों के वेतन में एक दिन की कटौती के निर्देश
बैठक में क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने दोनों अधिकारियों के एक दिन के वेतन की कटौती के निर्देश दिए।
अधिकारियों को दिए समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश
बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने सड़क सुरक्षा के निर्धारित मानकों और शासन की ओर से जारी निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रसाद, पुलिस अधीक्षक यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सत्येंद्र सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।