गंग नहर कावड़ पटरी मार्ग का निरीक्षण करते डी एम वी के सिंह एवं एसएसपी अविनाश पांडे
मेरठ। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मेरठ जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अविनाश पांडे ने संबंधित अधिकारियों के साथ गंग नहर पटरी कांवड़ मार्ग का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया और यात्रा मार्ग पर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सलावा पुल, अटेरना पुल, दौराला पुल और नानू पुल सहित प्रमुख कांवड़ मार्गों का भ्रमण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए, ताकि शिवभक्तों को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाओं की गहन समीक्षा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने मार्ग पर की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, साइनेज बोर्ड, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सड़क मरम्मत एवं पेंचवर्क, जल निकासी, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, स्वास्थ्य शिविर और मोबाइल एम्बुलेंस जैसी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इसके अलावा अधिकारियों ने विद्युत सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए बिजली के खंभों को पॉलीथीन से ढकने तथा ट्रांसफार्मरों को सुरक्षा जाली से कवर करने के निर्देश दिए, जिससे बरसात के मौसम में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
महिला कांवड़ियों की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। इसके साथ ही मार्ग पर पर्याप्त संख्या में शौचालय, मोबाइल टॉयलेट, स्वास्थ्य शिविर, प्राथमिक उपचार केंद्र, पेयजल केंद्र तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
गंग नहर के किनारे पड़ने वाले क्षेत्रों में संभावित दुर्घटनाओं से निपटने के लिए गोताखोरों और मोटरबोट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
सभी विभागों को दिए समन्वय के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और यात्रा मार्ग पर हर समय निगरानी बनाए रखें। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जाए।
एसएसपी अविनाश पांडे ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाई जाए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर जिलाधिकारी (नगर) बृजेश सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर विनायक गोपाल भोसले, पुलिस अधीक्षक यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और सभी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए तैयारियों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।