मेडिकल परिसर में शास्त्री गांधी जयंती के अवसर पर लाला लाजपत राय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते मेडिकल प्राचार्य डॉ आर सी गुप्ता
मेरठ। लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के संकाय सदस्यों, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, कर्मचारियों और विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र के अनावरण के साथ हुई। इसके बाद प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता, उप प्राचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर टांक और प्रमुख अधीक्षक ने गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
सत्य और अहिंसा के संदेश को किया याद
प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए गांधी जी ने देश की स्वतंत्रता के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सत्य और अहिंसा के विचार भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए प्रेरणादायी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज को शांति, सद्भाव और मानवता के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। नई पीढ़ी को उनके जीवन और सिद्धांतों से सीख लेकर अपने व्यवहार में सकारात्मक मूल्यों को अपनाना चाहिए।
शास्त्री जी की सादगी और कर्तव्यनिष्ठा को किया याद
मेडिकल कॉलेज के उप प्राचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर टांक ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी भारत के दूसरे प्रधानमंत्री थे और स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे। उनका जीवन सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता का उदाहरण है।
मेडिसिन विभाग की आचार्य डॉ. श्वेता शर्मा ने भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और देश के प्रति योगदान पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को वर्तमान समय में प्रासंगिक बताया।
छात्राओं ने प्रस्तुत किए राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान
कार्यक्रम के दौरान एमबीबीएस पाठ्यक्रम की छात्राओं ने राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया। इसके बाद राष्ट्रीय गान भी गाया गया। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने श्रद्धा और सम्मान के साथ दोनों महान विभूतियों को याद किया।
कार्यक्रम में संबोधन प्रस्ताव सरदार वल्लभ भाई पटेल चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. धीरज बालियान द्वारा दिया गया। कार्यक्रम का संयोजन एनेस्थीसिया विभाग की सह-आचार्य डॉ. श्वेता ने किया।
समारोह में मेडिकल कॉलेज के संकाय सदस्य, पैरामेडिकल स्टाफ, कर्मचारी और विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को स्मरण करते हुए हुआ।