कांग्रेस कार्यालय पर गांधी शास्त्री जयंती पर विचार गोष्ठी आयोजित
मेरठ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से बुढ़ाना गेट स्थित कांग्रेस कार्यालय में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस अध्यक्ष रंजन शर्मा ने की, जबकि संचालन कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। कांग्रेसजनों ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। गोष्ठी में वक्ताओं ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, उनके विचारों और देश के प्रति योगदान को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी, सेवा, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के विचार आज भी सार्वजनिक और सामाजिक जीवन में नैतिक मूल्यों के महत्व को रेखांकित करते हैं।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष रंजन शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को जनआंदोलन की शक्ति बनाया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के विचारों को केवल जयंती समारोहों तक सीमित रखने के बजाय सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में अपनाने की आवश्यकता है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश त्यागी ने कहा कि गांधी और शास्त्री का जीवन जनसेवा, देश की एकता और सामाजिक सद्भाव की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि गरीब और कमजोर वर्गों के सम्मान तथा समाज में भाईचारे की भावना को मजबूत करने के लिए दोनों महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा ली जानी चाहिए।
कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री भारतीय सार्वजनिक जीवन में नैतिक मूल्यों के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से संघर्ष का मार्ग दिखाया, जबकि शास्त्री जी ने सादगी और कर्तव्यनिष्ठा के माध्यम से सार्वजनिक जीवन में उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने युवाओं से दोनों महापुरुषों के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर देश की एकता, भाईचारे और सामाजिक न्याय को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में आदित्य शर्मा, धूम सिंह गुर्जर, सलीम खान, मनिंदर सूद, हरीश त्यागी, हनीफ कुरैशी, संदीप शर्मा, राज केसरी, राकेश मिश्रा, मतीन अंसारी, पार्षद मो. इकराम, मो. बदर, शक्ति सिंह, तेजपाल डाबका, सचिन शर्मा, अनिल प्रेमी, विनोद सोनकर, अमित गोयल, पवन थापा, केडी शर्मा, रीना आशीष जाटव, पीयूष रस्तोगी, ताहिर अंसारी, संदीप हांडा, सरताज अहमद, विनोद शर्मा, हरिकिशन प्रजापति, डॉ. इकबाल अहमद, सादिक भारती और इकरामुद्दीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।