मेरठ के विकास भवन में बैठक करते जिला अधिकारी डॉ वी के सिंह
मेरठ। विकास भवन सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने पिछले माह प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की। अधिकारियों द्वारा किसानों को विगत माह में प्राप्त कुल 56 शिकायतों की स्थिति से अवगत कराया गया। समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई शिकायतों पर संबंधित विभागों द्वारा प्रस्तुत की गई आख्या संतोषजनक नहीं थी। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए ऐसी शिकायतों को पुनः संबंधित विभागों को वापस भेज दिया और स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता के तौर पर नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए।
किसानों ने रखीं नई समस्याएं
किसान दिवस बैठक में किसानों द्वारा कुल 9 नई शिकायतें प्रस्तुत की गईं। इन शिकायतों में कृषि, सिंचाई, राजस्व एवं अन्य विभागों से जुड़े विभिन्न मुद्दे शामिल रहे। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के लिए प्रेषित किया।
बैठक में किसानों ने एक महत्वपूर्ण समस्या उठाते हुए बताया कि उन्हें डीजल पंप संचालित करने के लिए पेट्रोल पंपों से कैन में डीजल नहीं दिया जा रहा है, जिससे खेती और सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। किसानों ने इस समस्या के समाधान की मांग की।
इस पर जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायत का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी और संबंधित विभागों को उचित निर्देश दिए जाएंगे, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
शिकायतों के प्रभावी निस्तारण पर जोर
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों से कहा कि किसान दिवस का उद्देश्य किसानों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। इसलिए सभी विभाग शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लें और उनके निस्तारण की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
अधिकारी एवं किसान रहे उपस्थित
बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए सुनील कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक नीलेश चौरसिया, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में किसान प्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लेकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
किसान दिवस बैठक के माध्यम से किसानों और प्रशासन के बीच संवाद स्थापित हुआ तथा किसानों को अपनी समस्याओं को सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखने का अवसर मिला।