योग सप्ताह संगम में योग सीखती छात्राएं
मेरठ। अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह “योग संगम-2026” के अंतर्गत रघुनाथ गर्ल्स पीजी कॉलेज, मेरठ में बुधवार को योग विभाग द्वारा सूर्य नमस्कार अभ्यास कार्यक्रम एवं पर्यावरण सेवा अभियान का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगाभ्यास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी (मलिक) के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 80 छात्राओं ने सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया। छात्राओं की अधिक संख्या को देखते हुए योग शिविर का आयोजन दो चरणों में किया गया। प्रथम सत्र प्रातः 6 बजे से 7 बजे तक तथा द्वितीय सत्र प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित किया गया।
कार्यक्रम की संयोजिका प्रो. भावना मित्तल तथा योगाचार्य दीपा त्यागी एवं कीर्ति धामा ने छात्राओं को सूर्य नमस्कार के सभी 12 चरणों का विधिवत अभ्यास कराया। योग सत्र की शुरुआत मंत्रोच्चारण से हुई, जिसके बाद विभिन्न प्रकार के प्राणायाम, हास्य क्रिया तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने वाले अनेक योगासन कराए गए। छात्राओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास में भाग लेते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
योगाचार्यों ने छात्राओं को नियमित योगाभ्यास के लाभों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
योग शिविर के उपरांत योग विभाग की छात्राओं ने एनसीसी एवं शारीरिक शिक्षा विभाग की छात्राओं के साथ मिलकर महाविद्यालय परिसर में पर्यावरण सेवा अभियान चलाया। इस दौरान परिसर में लगे विभिन्न पेड़-पौधों को जल देकर उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया। छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर चर्चा करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम के दौरान योगाचार्य दीपा त्यागी एवं कीर्ति धामा ने महाविद्यालय में संचालित तीन वर्षीय डिग्री योग कोर्स की जानकारी भी छात्राओं को दी। उन्होंने योग शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए इच्छुक छात्राओं का पंजीकरण भी कराया।
कार्यक्रम की संयोजिका प्रो. भावना मित्तल ने बताया कि प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में आयोजित किए जा रहे योग सप्ताह के कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्राओं को योग के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा उनमें सेवा भाव एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि योग और पर्यावरण दोनों ही मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और युवाओं को इनके प्रति संवेदनशील बनाना समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर आचार्य अंजलि, निधि, प्रीति, अंशिका, वर्तिका, मनीषा तथा नीरज कुमार ने कार्यक्रम के सफल संचालन में सराहनीय सहयोग प्रदान किया।
महाविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाने वाली सभी छात्राओं एवं शिक्षिकाओं की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता एवं स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। योग सप्ताह के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न योग, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।