पौधारोपण करते कांति देवी फाउंडेशन के पदाधिकारी
मेरठ। पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक उन्मूलन के लिए कार्यरत सामाजिक संस्था कांति देवी फाउंडेशन (केडीएफ) द्वारा चलाए जा रहे पौधारोपण महा अभियान के अंतर्गत शनिवार को साकेत स्थित हावर्ड प्लेस्टेड गर्ल्स इंटर कॉलेज में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रशासन, सामाजिक कार्यकर्ताओं, संस्था के पदाधिकारियों और छात्राओं ने मिलकर फलदार एवं फूलों के पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
फलदार और फूलों के पौधे लगाए
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. उपासना वर्मा की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर केडीएफ के वरिष्ठ संरक्षक एवं राष्ट्रपति पदक से सम्मानित सरदार सरबजीत सिंह कपूर, जैनसंस के संजीव जैन, राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट हिना रस्तोगी, उपाध्यक्ष वसीम अहमद, वरिष्ठ समाजसेवी दीपक शर्मा, बॉलीवुड की नन्ही अभिनेत्री सियल जैन तथा विद्यालय की छात्राओं ने संयुक्त रूप से परिसर में विभिन्न प्रजातियों के फलदार और फूलों के पौधे लगाए।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि पौधारोपण केवल पेड़ लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके।
छात्राओं ने लिया पौधों की देखभाल का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की शपथ ली। छात्राओं को जल संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
सियल जैन के साथ फोटो खिंचवाने की रही उत्सुकता
कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं बॉलीवुड की बाल अभिनेत्री सियल जैन आकर्षण का केंद्र रहीं। उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उनके साथ सेल्फी और समूह फोटो भी खिंचवाईं।
विश्व पर्यावरण दिवस से शुरू हुआ है महाअभियान
कांति देवी फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था का पौधारोपण महाअभियान इस वर्ष 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) से शुरू किया गया है। यह अभियान लगातार नवंबर माह तक विभिन्न विद्यालयों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि शहर में हरियाली बढ़ाई जा सके और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता पैदा हो।
नवंबर में दिए जाएंगे ‘केडीएफ ग्रीन अवार्ड’
संस्था ने जानकारी दी कि नवंबर माह में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में ‘केडीएफ ग्रीन अवार्ड’ प्रदान किए जाएंगे। यह सम्मान उन व्यक्तियों, संस्थाओं और सामाजिक संगठनों को दिया जाएगा जिन्होंने पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया होगा।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने और प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने का संकल्प लिया। संस्था ने नागरिकों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी जिम्मेदारी भी निभाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।