मेरठ महापौर हरिकांत अहलूवालिया के साथ बम बम भोले का जयकारा लगाते तिरंगा गेट कावड़ सेवा समिति के पदाधिकारी
मेरठ। हापुड़ रोड स्थित तिरंगा गेट के पास शिव कांवड़ सेवा समिति रेन बसेरा की ओर से आयोजित शिव कांवड़ सेवा शिविर एवं चिकित्सा केंद्र लगातार तीसरे दिन भी श्रद्धालुओं की सेवा में जुटा रहा। शिविर में दूर-दराज के क्षेत्रों से हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों का स्वागत किया गया। इस दौरान कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया और उनकी सेवा के लिए भोजन एवं भंडारे की व्यवस्था की गई।
शिविर में हापुड़, पिलखुवा, खुर्जा, बुलंदशहर और अलीगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों की ओर जाने वाले कांवड़ियों को विशेष रूप से सेवा एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। भंडारे में श्रद्धालुओं को भोजन के साथ दूध का भी वितरण किया गया। शिविर में चिकित्सा केंद्र के माध्यम से कांवड़ियों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर उन्हें तत्काल सहायता मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान मेरठ नगर निगम के महापौर हरिकांत अहलूवालिया तथा भारतीय जनता पार्टी राहत एवं आपदा विभाग के महानगर संयोजक राकेश गौड़ ने कांवड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने शिविर में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर प्रकाश सैनी, सचिन सिंह, दीपक राजपूत, अतुल दीक्षित, केपी सिंह, दिनेश कौशिक, नोनू पंडित, हरेंद्र भारद्वाज सहित अनेक सेवा कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
8 वर्षों से जारी है सेवा का सिलसिला
शिविर के आयोजन को लेकर राकेश गौड़ ने बताया कि पिछले आठ वर्षों से शिव कांवड़ सेवा समिति की ओर से यह भंडारा और सेवा शिविर लगातार आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान ऐसे कई मार्ग और क्षेत्र आते हैं, जहां दूर-दूर तक हिंदू आबादी नहीं है और कांवड़ियों के ठहरने एवं भोजन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिल पाती। ऐसे स्थानों पर कांवड़ियों को सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर एवं भंडारे का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे शिवभक्तों को यात्रा के दौरान भोजन, दूध, चिकित्सा और विश्राम जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सेवा शिविर में कार्यकर्ता पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ कांवड़ियों की सेवा में जुटे हुए हैं।
शिविर में लगातार पहुंच रहे कांवड़ियों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया जा रहा है और उन्हें भंडारे में प्रसाद एवं दूध वितरित किया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा करना उनके लिए धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सेवा का भी अवसर है।