सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में मेगा रैली के आयोजन की जानकारी देते प्रदेश राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ सुरेंद्र तोमर
कुलवंत सिंह स्टेडियम में वीर नारियों और सैनिक परिवारों का होगा सम्मान; रोजगार, स्वास्थ्य सुविधाओं और युवाओं के प्रशिक्षण पर भी रहेगा जोर
मेरठ #ANN
देश की सीमाओं की रक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान तथा कल्याण के लिए मेरठ में 14 नवंबर को मेगा भूतपूर्व सैनिक रैली आयोजित की जाएगी। मॉल रोड स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। रैली में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और सैनिक परिवारों की भागीदारी रहेगी। आयोजन के दौरान सैनिकों के सम्मान के साथ रोजगार, स्वास्थ्य सुविधाओं और सामाजिक पुनर्वास से जुड़े प्रयासों को भी प्रमुखता से रखा जाएगा।
प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल डॉ. सोमेंद्र तोमर ने गुरुवार को सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता कर रैली की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मेरठ क्रांति की धरती और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की प्रमुख सैन्य छावनी है। इस क्षेत्र में अनेक परिवारों का किसी न किसी रूप में सेना से जुड़ाव रहा है। इसी महत्व को देखते हुए उन्होंने अगस्त 2026 में रक्षा मंत्री से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पूर्व सैनिकों की बड़ी रैली आयोजित कराने का आग्रह किया था। केंद्र सरकार, रक्षा मंत्रालय, भारतीय सेना और उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से यह आयोजन किया जा रहा है।
डॉ. तोमर ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 14 नवंबर को रैली में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की स्वीकृति दी है। कार्यक्रम में वीर नारियों और सैनिक परिवारों को मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित करने की योजना है। सैनिक कल्याण विभाग की ओर से रैली में आने वाले पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों की सुविधा का ध्यान रखा जाएगा। विभाग का उद्देश्य सैनिकों के सम्मान के साथ उनके परिवारों की जरूरतों और समस्याओं को भी प्राथमिकता देना है।
31 हजार पूर्व सैनिकों को रोजगार के अवसर
पत्रकार वार्ता में डॉ. तोमर ने बताया कि प्रदेश में विभाग के माध्यम से करीब 31 हजार पूर्व सैनिकों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। सरकार का प्रयास है कि देश की सुरक्षा में लंबे समय तक सेवा देने वाले सैनिकों को सेवानिवृत्ति के बाद अपने घर और आसपास ही रोजगार मिल सके। इससे वे परिवार के बीच रहकर सम्मानजनक जीवनयापन कर सकेंगे। पूर्व सैनिकों के अनुभव, अनुशासन और कौशल का उपयोग समाज के विकास में भी किया जा सकता है।
13 जिलों में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक के लिए निश्शुल्क भूमि
पूर्व सैनिकों की स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में मंत्री ने बताया कि प्रदेश के 13 जिलों में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक स्थापित करने के लिए निश्शुल्क भूमि उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। इसके साथ ही प्रदेशभर के सैनिकों का डेटा डिजिटलाइज किया जा रहा है। लखनऊ में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर नजर रखकर उनका समयबद्ध समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
डॉ. तोमर ने बताया कि मेरठ में पिछले दो महीने से सैनिक चौपाल भी आयोजित की जा रही हैं। इन चौपालों के जरिए पूर्व सैनिक अपनी समस्याएं और जरूरतें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा सकते हैं। विभाग का प्रयास है कि सैनिकों से जुड़े मुद्दों को सुनने और उनके समाधान के लिए संवाद का एक नियमित मंच उपलब्ध हो।
हर ब्लॉक में सैनिक प्रशिक्षक तैयार करने की योजना
युवाओं को सेना और सुरक्षा सेवाओं में भर्ती की तैयारी कराने के लिए सरकार ‘वन ब्लॉक, वन सैनिक’ की अवधारणा लागू करने की दिशा में प्रयास कर रही है। डॉ. तोमर के अनुसार, इसके तहत हर ब्लॉक में एक सैनिक को जिम्मेदारी देकर स्थानीय स्टेडियम में अग्निवीर, पुलिस और रक्षा सेवाओं में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को प्रशिक्षण दिलाने की योजना है।
इस पहल का उद्देश्य युवाओं को शारीरिक रूप से सक्षम बनाने के साथ उनमें अनुशासन, राष्ट्रसेवा और देश के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना है। सरकार की मंशा है कि युवा सुरक्षा बलों में सेवा देने के लिए तैयार हों और जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में भी योगदान करें।
पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, महापौर हरिकांत अहलुवालिया, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, कमल दत्त शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।