प्रवक्ता परीक्षा देकर निकलते अभ्यर्थी
मेरठ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा आयोजित जीआईसी (राजकीय इंटर कॉलेज) प्रवक्ता प्रारंभिक परीक्षा रविवार को जिले के 40 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। सभी केंद्रों पर आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया गया।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 8 बजे से शुरू हुआ। प्रवेश के दौरान प्रत्येक अभ्यर्थी की गहन जांच की गई। एडमिट कार्ड एवं फोटो पहचान पत्र का मिलान करने के बाद ही उन्हें केंद्र के भीतर प्रवेश दिया गया। सुरक्षा मानकों के तहत मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहा।
महिला अभ्यर्थियों की भी विशेष जांच की गई। चेकिंग के दौरान धातु से बनी वस्तुएं जैसे बाली, पायल, क्लचर, अंगूठी और अन्य आभूषण उतरवाए गए। कई केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर की सहायता से अभ्यर्थियों की जांच की गई ताकि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखी जा सके।
आयोग के निर्देशानुसार सुबह 8:45 बजे सभी परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए। इसके बाद देर से पहुंचने वाले किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया गया। कुछ अभ्यर्थी निर्धारित समय के बाद केंद्र पहुंचे, जिन्हें नियमों के तहत बाहर ही रहना पड़ा।
परीक्षा सुबह 9:30 बजे शुरू होकर 11:30 बजे तक चली। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी रही। जिलास्तरीय अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र का स्तर मॉडरेट (मध्यम) रहा। अधिकांश प्रश्न निर्धारित पाठ्यक्रम पर आधारित थे और समय प्रबंधन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए पेपर संतोषजनक रहा। अभ्यर्थियों ने कहा कि सामान्य अध्ययन एवं विषय संबंधी प्रश्नों का संतुलित समावेश देखने को मिला।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार जिले के सभी 40 केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या नकल की सूचना प्राप्त नहीं हुई। परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था लगातार सक्रिय रही।
जीआईसी प्रवक्ता भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए थे। परीक्षा संपन्न होने के बाद केंद्रों के बाहर अभ्यर्थी प्रश्नपत्र और संभावित कटऑफ को लेकर चर्चा करते नजर आए। प्रशासन ने परीक्षा के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त किया है।