थापर नगर स्थित आर्य समाज मंदिर में विचार व्यक्त करते मुख्य वक्ता राजेश सेठी
मेरठ। आर्य समाज थापर नगर में आयोजित साप्ताहिक रविवारीय सत्संग में श्रद्धालुओं ने वेद, यज्ञ और ईश्वर भक्ति के माध्यम से आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता राजेश सेठी ने “किसने व्योम सजाया?” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समस्त सृष्टि का संचालन परमात्मा की अचूक नियम व्यवस्था के अंतर्गत हो रहा है और ब्रह्मांड की सुव्यवस्थित संरचना स्वयं ईश्वर की सत्ता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि अनेक पाश्चात्य विद्वान, वैज्ञानिक तथा नास्तिक विचारधारा के लोग संसार और इसकी व्यवस्थाओं को आकस्मिक घटना या संयोग का परिणाम मानते हैं, लेकिन जब हम ब्रह्मांड की विशालता और उसकी व्यवस्थित कार्यप्रणाली का अध्ययन करते हैं तो यह स्पष्ट हो जाता है कि इसके पीछे कोई महान शक्ति कार्य कर रही है। सूर्य, चंद्रमा, ग्रह, नक्षत्र और असंख्य खगोलीय पिंड अपनी-अपनी निश्चित कक्षाओं में निर्धारित गति से निरंतर संचालित हो रहे हैं। पृथ्वी भी एक निश्चित दूरी और गति से निरंतर गतिमान है। ऐसी अद्भुत और संतुलित व्यवस्था किसी संयोग का परिणाम नहीं हो सकती, बल्कि इसके पीछे परमपिता परमात्मा का संचालन और नियंत्रण है।
राजेश सेठी ने कहा कि परमात्मा ही मनुष्य को भौतिक सुख प्रदान करता है तथा मृत्यु के पश्चात तपस्वी, योगी और श्रेष्ठ कर्म करने वाले व्यक्तियों को मोक्ष की प्राप्ति भी उसी की व्यवस्था के अनुसार होती है। इसलिए मनुष्य को परमात्मा की असीम सत्ता को स्वीकार करते हुए उसके नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति अपने जीवन में परमात्मा द्वारा निर्धारित नियमों और वेदों के सिद्धांतों को अपनाकर श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ जीवन व्यतीत करे तो उसे जीवन में सुख, शांति और संतोष की प्राप्ति होती है।
उन्होंने कहा कि मनुष्य का कर्तव्य है कि वह वेदानुकूल आचरण करते हुए अज्ञान रूपी अंधकार को दूर करे और वेद ज्ञान के प्रकाश से अपने जीवन को आलोकित बनाए। परमात्मा के प्रति जितनी अधिक श्रद्धा और निष्ठा होगी, उतना ही जीवन में सुख और शांति का विस्तार होगा। ईश्वर की उपासना और उसकी आज्ञाओं का पालन ही सभी प्रकार के दुखों से मुक्ति का सर्वोत्तम साधन है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को संपूर्ण मनोयोग से ईश्वर भक्ति में तत्पर रहना चाहिए।
कार्यक्रम के प्रारंभ में धर्माचार्य आचार्य सत्य प्रकाश जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ देव यज्ञ संपन्न कराया। यज्ञ के यजमान सत्यम मेहता एवं मीनाक्षी मेहता रहे। इस अवसर पर यजमान परिवार द्वारा जन्मदिवस के उपलक्ष्य में विशेष आहुति भी प्रदान की गई और सभी के सुख, समृद्धि एवं स्वास्थ्य की कामना की गई।
सत्संग के दौरान धर्मवीर, मुकेश कन्नौजिया, सुनीता, प्रीति सेठी एवं कमलेश चांदना ने ईश्वर भक्ति से ओत-प्रोत सुंदर भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने भजनों का आनंद लेते हुए वैदिक विचारों पर चर्चा की।
इस अवसर पर विजय बंसल, आशीष सेठी, विकास शर्मा, डॉ. राजीव वासुदेवा, संजय वासुदेवा, श्रेय बत्रा सहित बड़ी संख्या में आर्य समाज के सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन मनीष शर्मा ने किया तथा अंत में सभी उपस्थित जनों ने विश्व कल्याण और मानवता के उत्थान के लिए प्रार्थना की।