रविदास जी की 650वीं जयंती पर निकाली गई कलश यात्रा में शामिल पूर्व भाजपा विधायक संगीत सोम
मेरठ। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन एवं सानिध्य में संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर सामाजिक समरसता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मेरठ जिले के दौराला मंडल क्षेत्र में भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। दौराला भाजपा मंडल अध्यक्ष मनिंदर विहान भराला के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में बडकली, दौराला नगर, धन्जू और पावली खास गांव के लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
कलश यात्रा के दौरान क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया और बड़ी संख्या में शामिल होकर सामाजिक एकता एवं भाईचारे का संदेश दिया।

पूर्व विधायक संगीत सोम रहे मुख्य अतिथि
कलश यात्रा में सरधना के पूर्व भाजपा विधायक संगीत सोम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न गांवों में पहुंचकर क्षेत्रवासियों से संवाद किया और सामाजिक एकजुटता एवं आपसी भाईचारे का संदेश दिया। यात्रा के माध्यम से गांव-गांव लोगों को एकजुट करने और समाज में समरसता की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
संगीत सोम ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन और उनके विचार समाज को समानता, भाईचारे और आपसी सद्भाव की प्रेरणा देते हैं। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में भेदभाव को समाप्त कर सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष राहुल चौहान, जिला मंत्री पूजा वाल्मीकि, मंडल महामंत्री रवि पूनिया, मोहित राणा, मुदित विहान, विनीत विहान, दौराला चेयरमैन देवेंद्र पाल सिंह, कोऑपरेटिव समिति चेयरमैन जतिन खरे, दौराला प्रमुख पति रिशिपाल भंडारी, ढाल सिंह, ललित प्रधान, विवेक सेन, संजीत सिंह, कुलबीर बजरंगी, डॉ. धनेश, उमेश पाल, संजय नामदेव, सोनू प्रजापत, अहमद सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने पूरे उत्साह के साथ कलश यात्रा का स्वागत किया और सामाजिक समरसता के अभियान को समर्थन दिया।

संत रविदास जी ने दिया समानता और भाईचारे का संदेश
संत शिरोमणि रविदास जी भारतीय संत परंपरा के ऐसे महान संत रहे, जिन्होंने समाज को समानता, भाईचारे, मानवता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उन्होंने सामाजिक भेदभाव और ऊंच-नीच की भावना का विरोध करते हुए प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान देने की प्रेरणा दी।
भाजपा द्वारा आयोजित इस समरसता अभियान का उद्देश्य संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और समाज के सभी वर्गों के बीच आपसी सद्भाव एवं एकता को मजबूत करना बताया गया। कलश यात्रा के माध्यम से भी लोगों को संत रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।
गांव-गांव एकता और सामाजिक समरसता का संकल्प
दौराला मंडल में आयोजित कलश यात्रा ने सामाजिक एकता का संदेश दिया। यात्रा में क्षेत्र के विभिन्न गांवों और समुदायों के लोगों की सहभागिता रही। आयोजकों ने कहा कि समाज की मजबूती आपसी सहयोग, भाईचारे और एकजुटता से होती है। संत रविदास जी के विचार आज भी समाज को एकता और समानता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान “सामाजिक समरसता—हमारी शक्ति, हमारा संकल्प” के संदेश को प्रमुखता से सामने रखा गया। भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने संत रविदास जी के आदर्शों को अपनाने तथा समाज में आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लिया।