पुलिस गिरफ्त में हथियार बनाने और तस्करी करने वाले
मेरठ। मेरठ पुलिस ने अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए लिसाड़ी गेट क्षेत्र में संचालित एक अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। स्वाट टीम (नगर) और थाना लिसाड़ी गेट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में बने और अधबने अवैध हथियार, हथियार बनाने के उपकरण तथा घटना में प्रयुक्त एक कार भी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर जनपद में अवैध हथियारों के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण में स्वाट टीम और लिसाड़ी गेट पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रविवार को हाजी राशिद की कॉलोनी, मदीना फेस-2, थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र में छापेमारी की।

छह आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान शाजिद उर्फ लीलू, रिजवान, रासिद, साजिद, कोमल कुमार और सजाउद्दीन के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने फातिमा मस्जिद के पास समर कॉलोनी स्थित एक मकान से अवैध हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और अन्य सामग्री भी बरामद की।
कार भी बरामद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों कोमल कुमार, रिजवान और रासिद की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की ओरा कार (UP81DW2604) भी बरामद कर ली गई। पुलिस का मानना है कि इस वाहन का इस्तेमाल अवैध हथियारों की ढुलाई और सप्लाई में किया जाता था।
भारी मात्रा में हथियार और उपकरण मिले

छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में तैयार और अधबने पिस्टल, स्प्रिंग, मैगजीन, हथियारों के विभिन्न पार्ट्स, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर मशीन, रैती, प्लास, पेचकश, ब्लेड, रेगमार, डाई (ठस्सा), स्क्रू, चाप कसने वाली मशीनें तथा अन्य उपकरण बरामद किए। पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री से स्पष्ट है कि यहां लंबे समय से अवैध हथियारों का निर्माण किया जा रहा था।
आपराधिक नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों द्वारा तैयार किए गए अवैध हथियार किन-किन जनपदों में सप्लाई किए जाते थे और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। साथ ही बरामद हथियारों का इस्तेमाल किसी आपराधिक घटना में हुआ है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
वैधानिक कार्रवाई जारी
मेरठ पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों तथा हथियारों की सप्लाई चेन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई मेरठ पुलिस की अवैध हथियारों के खिलाफ चल रही मुहिम की बड़ी सफलता मानी जा रही है।