मेरठ की सातों विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा इंडियन जनसेवा दल
सामाजिक न्याय को बनाया चुनावी मुद्दा, विभिन्न सामाजिक संगठनों ने मिलकर किया कर्पूरी मोर्चा बनाने का ऐलान
मेरठ #ANN आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मेरठ की राजनीति में इंडियन जनसेवा दल ने अपनी चुनावी रणनीति का ऐलान किया है। संगठन ने जिले की सभी सात विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारने की घोषणा की है। दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनेश ठाकुर ने प्रेस वार्ता में कहा कि उनका उद्देश्य उन जातियों और वर्गों को राजनीतिक भागीदारी दिलाना है, जिन्हें उनके अनुसार आजादी के बाद से सत्ता और प्रतिनिधित्व में उचित स्थान नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि संगठन की राजनीति जातिवाद पर नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय के मुद्दे पर आधारित होगी।
कर्पूरी मोर्चा बनाकर चुनाव लड़ने की घोषणा
इंडियन जनसेवा दल के साथ विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कर्पूरी मोर्चा बनाकर चुनाव लड़ने की घोषणा की। मोर्चे का अध्यक्ष देवेंद्र कश्यप को बनाया गया है, जो सामाजिक न्याय पार्टी से जुड़े हैं। बैठक में राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के बुद्ध प्रकाश सैनी, राजेश तुराहा समेत कई नेता मौजूद रहे।
बैठक में सैन, पाल, प्रजापति, कश्यप, तुराहा, सैनी और कुशवाहा समाज की एकजुटता पर जोर दिया गया। नेताओं ने कहा कि इन समाजों की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और उनके मुद्दों को चुनावी चर्चा के केंद्र में लाने के लिए साझा प्रयास किए जाएंगे। हालांकि, मोर्चे की ओर से अभी सातों सीटों के प्रत्याशियों के नाम घोषित नहीं किए गए हैं।
टिकट के आश्वासन और वादाखिलाफी का आरोप
विनेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय कई बड़े राजनीतिक दल इन समाजों के नेताओं और प्रतिनिधियों को टिकट देने का आश्वासन देते हैं, लेकिन बाद में उसे पूरा नहीं करते। उन्होंने समाजवादी पार्टी सहित अन्य दलों पर भी वादाखिलाफी का आरोप लगाया। ठाकुर के मुताबिक, इस अनुभव के कारण विभिन्न सामाजिक समूहों ने अपना राजनीतिक मंच तैयार करने और स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।
आरक्षण और सामाजिक न्याय पर रखी बात
बैठक में आरक्षण के लाभ और उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई। विनेश ठाकुर ने कहा कि आरक्षण लागू होने के बावजूद यदि कुछ वर्ग अपेक्षित प्रगति नहीं कर पाए हैं, तो सरकारों को इसकी समीक्षा कर जवाबदेही तय करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आरक्षण का लाभ जरूरतमंद और वंचित वर्गों तक प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए, ताकि सामाजिक और आर्थिक अवसरों में उनकी भागीदारी बढ़ सके।
विनेश ठाकुर ने राहुल गांधी के चुनाव आयोग से जुड़े विरोध प्रदर्शन को राजनीतिक ड्रामा बताते हुए कहा कि राजनीतिक दलों को बेरोजगारी, शिक्षा और आर्थिक अवसर जैसे मुद्दों पर ठोस काम करना चाहिए।
आधा दर्जन रैलियों का दावा, जनसंपर्क बढ़ाने की तैयारी
ठाकुर ने बताया कि संगठन अब तक करीब आधा दर्जन रैलियां कर चुका है और मेरठ के साथ पूर्वांचल के कई जिलों में भी जमीनी स्तर पर काम कर रहा है। मेरठ की सातों विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद संगठन अब जनसंपर्क बढ़ाने और प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया तेज करने की तैयारी में है। प्रत्याशियों के नाम और चुनावी कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी संगठन की ओर से आगे घोषित किए जाने की बात कही गई है।