महिला किसान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ करती स्मिता वर्मा
मेरठ, 15 अक्टूबर। सम्भागीय कृषि परीक्षण एवं प्रदर्शन केन्द्र, दिल्ली रोड पर गुरुवार को एक दिवसीय किसान मेला, कृषक ज्ञान गोष्ठी, फसल अवशेष प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम और महिला किसान दिवस का आयोजन किया गया। मेले में मेरठ मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों के साथ करीब 100 महिला कृषकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन संयुक्त कृषि निदेशक, मेरठ मंडल श्रीमती स्मिता वर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने जैविक उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए दो प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मेले में लगी प्रदर्शनी के माध्यम से खेती-बाड़ी से जुड़ी जानकारी दी गई। महिला और पुरुष किसानों ने प्रदर्शनी में रुचि दिखाते हुए विभिन्न कृषि विषयों पर जानकारी प्राप्त की।

मृदा परीक्षण और प्राकृतिक खेती पर दी जानकारी
कृषक गोष्ठी में विशेषज्ञों ने किसानों को मृदा परीक्षण, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, गृहवाटिका, फसल प्रबंधन और पशुपालन से जुड़ी नवीनतम जानकारी दी। प्रधान वैज्ञानिक डॉ. नवीन चन्द्र ने समसामयिक फसलों में कीट एवं रोग प्रबंधन के बारे में बताया। कृषि विज्ञान केंद्र, हस्तिनापुर की सहायक प्राध्यापक डॉ. बीना यादव ने किसानों को उपयोगी कृषि जानकारी दी।

आईसीएआर-आईआईएफआर, मोदीपुरम के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. चन्द्रभानु, पशु चिकित्सा के संयुक्त निदेशक डॉ. नीलम संचान और मृदा परीक्षण प्रयोगशाला, मेरठ के सहायक निदेशक श्री अरुण कुमार ने भी किसानों को कृषि, मृदा स्वास्थ्य और पशुपालन से संबंधित जानकारियां दीं।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए डॉ. विकास पंवार ने किया। अंत में उप कृषि निदेशक (शोध), मेरठ श्री नीलेश चौर चौरसिया ने कार्यक्रम में आए अतिथियों और किसानों का धन्यवाद किया।