पीएम सूर्य घर योजना में लंबित मामलों के निस्तारण के निर्देश
मेरठ। ANN प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत जनपद में सोलर रूफटॉप स्थापना की प्रगति तेज करने और लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत विभाग, विभिन्न बैंकों, यूपीनेडा के अधिकारियों और सोलर रूफटॉप लगाने वाली एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान योजना की प्रगति, बैंक ऋण से संबंधित लंबित मामलों और विद्युत विभाग के स्तर पर अटके प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के प्रारंभ में यूपीनेडा मेरठ के परियोजना प्रभारी ने योजना की वर्तमान प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद मेरठ में प्रतिमाह 1744 घरों में सोलर रूफटॉप स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक 1018 घरों में सोलर रूफटॉप की स्थापना का कार्य पूरा कराया जा चुका है। इस प्रकार निर्धारित मासिक लक्ष्य के मुकाबले लगभग 58 प्रतिशत उपलब्धि हासिल हुई है, जबकि लक्ष्य पूरा करने के लिए अभी 726 घरों में सोलर रूफटॉप स्थापित किया जाना शेष है।
मुख्य विकास अधिकारी संदीप कुमार ने योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए बैंकवार लंबित प्रकरणों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोलर रूफटॉप स्थापना के लिए ऋण एवं अन्य बैंकिंग प्रक्रियाओं से जुड़े सभी लंबित मामलों का आगामी एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें।
समीक्षा बैठक के दौरान विद्युत विभाग से संबंधित लंबित मामलों पर भी विशेष चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया कि विद्युत विभाग के स्तर पर लंबित प्रकरणों का उसी दिन निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे सोलर रूफटॉप लगाने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
मुख्य विकास अधिकारी ने यूपीनेडा मेरठ के परियोजना प्रभारी को निर्देश दिए कि योजना की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा की जाए और नियमित रूप से उपलब्धियों तथा लंबित मामलों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने आगामी समीक्षा बैठक में पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में सोलर रूफटॉप लगाने वाली एजेंसियों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में स्थापना कार्यों की स्थिति पर चर्चा की गई। निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए संबंधित विभागों, बैंक अधिकारियों और वेंडरों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संदीप कुमार के साथ एएलडीएम मेरठ रविकांत अंगरीष, विद्युत वितरण खंड सरधना के अधिशासी अभियंता दुर्गेश जायसवाल, विद्युत वितरण खंड पल्लवपुरम के अधिशासी अभियंता संदीप, इंटैली स्मार्ट के प्रतिनिधि हनी मंगल, विद्युत वितरण खंड मेरठ के सहायक अभियंता अमित चौधरी, यूपी ग्रामीण बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक सिद्धार्थ सिंह, बैंक ऑफ बड़ौदा की वरिष्ठ प्रबंधक निविता शर्मा, भारतीय स्टेट बैंक के डिप्टी मैनेजर शिव कुमार, पंजाब नेशनल बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक चेतन मलिक तथा एसबीआई के डीसी नवनीत जैन उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त सोलर रूफटॉप स्थापना से जुड़े वेंडरों में शगुन स्वर्णकार, गर्वित गौतम, हरी लाठे, प्रशांत कुमार, रामकुमार शर्मा, विक्रांत, सचिन गुप्ता, अमित मांगलिक, अमित सारस्वत, मनोज गुप्ता, अभिषेक द्विवेदी, उदय शर्मा, हिमांशु, राहुल कुमार, अभिषेक मित्तल, विवेक द्विवेदी, निमिष गुप्ता और सचिन कुमार सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुसार अब बैंकिंग और विद्युत विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों के निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही यूपीनेडा द्वारा प्रतिदिन योजना की प्रगति की निगरानी की जाएगी, ताकि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक घरों में सोलर रूफटॉप की स्थापना सुनिश्चित की जा सके।