पुलिस लाइन स्थित सभागार में अवैध असलाह तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते एसएसपी बीबीजीटीएस
मेरठ। थाना परतापुर पुलिस और स्वाट टीम नगर मेरठ की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने अंतरराज्यीय एवं अंतर्जनपदीय अवैध असलहा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा फरार हुए तीन अन्य आरोपियों को भी घेराबंदी और कॉम्बिंग के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल सात अवैध .32 बोर पिस्टल, 20 जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और घटना में प्रयुक्त सुजुकी स्कूटी बरामद की गई है।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास मिलने की थी सूचना
पुलिस के अनुसार 13/14 सितंबर 2026 की रात थाना परतापुर पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि मेरठ निवासी तीन व्यक्ति दिल्ली निवासी एक व्यक्ति को अवैध पिस्टल बेचने के उद्देश्य से अच्छरौंडा-बहादुरपुर मार्ग स्थित दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के अंडरपास के पास मिलने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना परतापुर पुलिस और स्वाट टीम नगर मेरठ ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। पुलिस का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया।

जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी आमिर पुत्र हाजी फरियाद निवासी वेलकम कॉलोनी, नई दिल्ली के बाएं पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसके तीन साथी मौके से फरार होने में सफल हो गए।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल सघन कॉम्बिंग और घेराबंदी शुरू की गई।
कांशीराम योजना के खंडहरनुमा भवन से तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर टीमों ने कांशीराम योजना स्थित एक खंडहरनुमा भवन में दबिश देकर फरार तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुऐब पुत्र हमराज अल्वी निवासी रसीदनगर, थाना ब्रह्मपुरी, मेरठ, शादान उर्फ पकौड़ी पुत्र साहिद मंसूरी निवासी माधवपुरम, थाना ब्रह्मपुरी, मेरठ और साजिद पुत्र दीन मोहम्मद उर्फ दीनू निवासी रांगणों की चौपाल, थाना कोतवाली, मेरठ के रूप में हुई।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने मामले में कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी की है।
सात अवैध पिस्टल और 20 जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल सात अवैध .32 बोर पिस्टल बरामद हुई हैं। इसके अलावा 20 जिंदा .32 बोर कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया गया। पुलिस ने एक चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और घटना में प्रयुक्त सुजुकी स्कूटी भी बरामद की है।

बरामद स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल का नंबर UP15DD0096 बताया गया है। पुलिस जांच में यह मोटरसाइकिल थाना देहली गेट पर दर्ज मुकदमा संख्या 146/2026, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित पाई गई। वहीं, घटना में प्रयुक्त सुजुकी स्कूटी का नंबर DL5SDN1734 बताया गया है।
पूछताछ में अवैध पिस्टलों की खरीद-फरोख्त की बात सामने आई
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने अवैध पिस्टलों की खरीद-फरोख्त और तस्करी में संलिप्त होने की जानकारी दी है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, अवैध हथियारों की आपूर्ति के स्रोत और संभावित खरीदारों के संबंध में भी जानकारी जुटाने में लगी है।
मामले में थाना परतापुर पर मुकदमा संख्या 482/2026 धारा 109(1), 3(5), 111, 317(2), 317(5) बीएनएस तथा धारा 3/5/25/27 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में आमिर पुत्र हाजी फरियाद, निवासी वेलकम कॉलोनी, नई दिल्ली, उम्र 34 वर्ष, शामिल है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान आमिर घायल हुआ है।
- दूसरा आरोपी शुऐब पुत्र हमराज अल्वी, निवासी रसीदनगर, थाना ब्रह्मपुरी, मेरठ, उम्र 28 वर्ष बताया गया है।
- तीसरा आरोपी शादान उर्फ पकौड़ी पुत्र साहिद मंसूरी, निवासी माधवपुरम, थाना ब्रह्मपुरी, मेरठ, उम्र 27 वर्ष है।
- चौथा आरोपी साजिद पुत्र दीन मोहम्मद उर्फ दीनू, निवासी रांगणों की चौपाल, थाना कोतवाली, मेरठ, उम्र 55 वर्ष बताया गया है।
शादान और शुऐब का पहले से भी आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार आरोपी शादान उर्फ पकौड़ी के खिलाफ वर्तमान मुकदमे के अलावा थाना ब्रह्मपुरी में वर्ष 2016 में धारा 411/414/420 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज रहा है। इसके अलावा वर्ष 2024 में धारा 308/323/341/384/504 भादवि तथा वर्ष 2023 में थाना परतापुर में धारा 5/25 आयुध अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज बताया गया है।
आरोपी शुऐब के खिलाफ वर्तमान मुकदमे के अतिरिक्त थाना परतापुर में वर्ष 2023 में धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। आमिर और साजिद के आपराधिक इतिहास में फिलहाल वर्तमान मुकदमा संख्या 482/2026 का उल्लेख किया गया है।
इन पुलिसकर्मियों ने की संयुक्त कार्रवाई
अवैध असलहा तस्करी गिरोह के खिलाफ की गई कार्रवाई में थाना परतापुर के थानाध्यक्ष अजय शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। स्वाट टीम नगर मेरठ के प्रभारी उपनिरीक्षक मनीष शर्मा मय टीम के साथ कार्रवाई में शामिल रहे।
इसके अलावा उपनिरीक्षक विनोद कुमार अत्री, नीरज कुमार बघेल, अजय कुमार, विपिन कुमार मिश्र, फहद जफर और गिरीश यादव, थाना परतापुर भी कार्रवाई करने वाली टीम में शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों की तस्करी और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा गिरोह से जुड़े अन्य संभावित लोगों के संबंध में जांच की जा रही है।