गंग नहर कावड़ पटरी मार्ग का निरीक्षण करते मेरठ जिलाधिकारी डॉ वी के सिंह एस एस पी अविनाश पांडे
मेरठ। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अविनाश पांडे ने गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा मूलभूत सुविधाओं का व्यापक जायजा लिया गया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
प्रमुख पुलों और संवेदनशील स्थानों का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी और एसएसपी ने निरीक्षण के दौरान सलावा पुल, अटेरना पुल, दौराला पुल, नानू पुल, भलसौना पुल, पूठखास पुल, भोला की झाल, जानी पुल, सिवालखास पुल से लेकर बाबा भूरेशाह दरगाह तक पूरे कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मार्ग पर मौजूद व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों से आवश्यक जानकारी भी ली।
साफ-सफाई, सड़क मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, जल निकासी, बैरिकेडिंग, पेयजल व्यवस्था, अस्थायी शौचालय, दिशा-सूचक साइन बोर्ड (साइनेज), स्ट्रीट लाइट एवं प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु मेरठ जनपद से होकर गुजरते हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए विशेष निर्देश
जिलाधिकारी और एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पूरे कांवड़ मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त व्यवस्था, प्रभावी रूट डायवर्जन प्लान, संवेदनशील स्थलों का चिन्हांकन तथा पुलिस बल की तैनाती समय से सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए गोताखोरों एवं मोटर बोट की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि गंगनहर क्षेत्र में किसी भी दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
विद्युत सुरक्षा पर विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि कांवड़ मार्ग पर लगे विद्युत पोल एवं बिजली के खंभों को पॉलीथीन से सुरक्षित ढंग से कवर किया जाए, जबकि ट्रांसफार्मरों को जाली लगाकर सुरक्षित किया जाए, जिससे बारिश या अन्य कारणों से कोई दुर्घटना न हो।
इसके साथ ही मार्ग के किनारे उगी झाड़ियों की कटाई, बिजली आपूर्ति की निर्बाध व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय भी समय रहते पूरे करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारी लगातार करें क्षेत्र का भ्रमण
जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें और कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त कर लें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रसाद, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सत्य प्रकाश सिंह, एसडीएम सरधना उदित नारायण सेंगर, जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेन्द्र सिंह सहित पुलिस, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाना है, ताकि देशभर से आने वाले शिवभक्त बिना किसी परेशानी के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।