डीजे संचालकों के साथ समन्वय गोष्टी करते एस पी सिटी विनायक गोपाल भोसले
मेरठ । आगामी श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मेरठ पुलिस प्रशासन ने सोमवार को पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय हॉल में डीजे संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी आयोजित की। गोष्ठी का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देशन में किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक देहात, क्षेत्राधिकारी कोतवाली तथा अपर जिलाधिकारी (नगर) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जनपद के लगभग 250 डीजे संचालकों ने भाग लिया। अधिकारियों ने सभी संचालकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करते हुए कांवड़ यात्रा के दौरान पालन किए जाने वाले नियमों एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही डीजे संचालकों की समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना गया।
धार्मिक सौहार्द बनाए रखने की अपील
अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और श्रद्धा का पर्व है, इसलिए सभी आयोजकों एवं प्रतिभागियों का दायित्व है कि धार्मिक मर्यादा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें। किसी भी प्रकार के भड़काऊ, आपत्तिजनक या उत्तेजक नारे, उद्घोषणा अथवा सामग्री का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीजे संचालन के लिए तय किए गए स्पष्ट मानक
गोष्ठी में डीजे संचालन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों ने बताया कि डीजे की ध्वनि सीमा ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों के अनुरूप ही रखी जाएगी। तेज आवाज, अश्लील गीत, भड़काऊ नारे या किसी भी प्रकार की अनुचित प्रस्तुति की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि डीजे की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट तथा चौड़ाई 10 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। यदि कोई संचालक निर्धारित मानकों का उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही डीजे संचालकों से अपील की गई कि वे डीजे की ऊंचाई एवं चौड़ाई को लेकर फैल रही किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें। यदि ऐसी कोई जानकारी प्राप्त होती है तो तत्काल संबंधित पुलिस अधिकारी या निकटतम थाने को सूचित करें।
यातायात व्यवस्था प्रभावित न करने के निर्देश
प्रशासन ने निर्देश दिए कि कोई भी डीजे वाहन या अस्थायी ढांचा सार्वजनिक मार्गों पर अवरोध उत्पन्न न करे। कांवड़ यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि कोई वाहन सड़क बाधित करता है या लेन व्यवस्था का उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस से लगातार संपर्क बनाए रखने की अपील
बैठक में डीजे संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने नामित पुलिस संपर्क अधिकारियों से लगातार जुड़े रहें। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या, विवाद, दुर्घटना अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
सुझावों पर भी किया गया विचार
गोष्ठी के दौरान डीजे संचालकों ने कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं और व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव भी अधिकारियों के समक्ष रखे। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी व्यावहारिक सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और प्रशासन तथा डीजे संचालकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा।
कानून पालन और सहयोग का संदेश
गोष्ठी के समापन पर अधिकारियों ने सभी डीजे संचालकों से प्रशासन का सहयोग करने, कानून एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और अनुशासित बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनहित, लोकशांति और श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी के सहयोग से कांवड़ यात्रा-2026 को सफल एवं आदर्श आयोजन बनाया जाएगा