परतापुर क्षेत्र में कावड़ यात्रियों का सहयोग करते एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले
मेरठ। कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मेरठ पुलिस लगातार तैयारियों में जुटी हुई है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) मेरठ ने थाना परतापुर क्षेत्र के अंतर्गत कांवड़ मार्ग का व्यापक निरीक्षण किया और सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों, महत्वपूर्ण चौराहों, संवेदनशील स्थलों, कांवड़ शिविरों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और आपातकालीन प्रबंधों की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। इसके लिए सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा जाए तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही रूट डायवर्जन योजना का कड़ाई से पालन कराने और आमजन को वैकल्पिक मार्गों की समय पर जानकारी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
एसपी सिटी ने आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की लगातार निगरानी की जाए तथा ड्रोन कैमरों के माध्यम से कांवड़ मार्ग और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर सतत नजर रखी जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सुरक्षा संबंधी चुनौती पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर औघड़नाथ मंदिर भी पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर परिसर में तैनात पुलिस बल की ड्यूटी की जांच की और ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक ब्रीफिंग दी। उन्होंने पुलिस कर्मियों को सतर्कता, अनुशासन और श्रद्धालुओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसपी सिटी ने औघड़नाथ मंदिर पहुंचे कांवड़ यात्रियों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने श्रद्धालुओं को जलपान भी कराया तथा उन्हें सुरक्षित एवं नियमों का पालन करते हुए यात्रा पूरी करने की शुभकामनाएं दीं। श्रद्धालुओं ने भी पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की।
मेरठ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन, सीसीटीवी एवं ड्रोन निगरानी, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता और लगातार गश्त के माध्यम से यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए यातायात नियमों एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया है।