भाजपा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी
मेरठ। मेरठ में प्रस्तावित प्लैटेड फैक्ट्री कॉम्पलेक्स/ज्वैलरी पार्क परियोजना को गति देने के उद्देश्य से राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के मुख्य सचेतक तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) के उपाध्यक्ष को पत्र लिखकर परियोजना की वर्तमान स्थिति और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) की प्रगति की जानकारी मांगी है।
डॉ. बाजपेयी ने अपने पत्र में कहा कि मेरठ का परंपरागत सर्राफा उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोजगार का एक महत्वपूर्ण आधार है। इस उद्योग को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए प्रस्तावित ज्वैलरी पार्क एक अत्यंत महत्वपूर्ण और दूरदर्शी परियोजना है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के साकार होने से मेरठ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख ज्वैलरी हब के रूप में पहचान मिलेगी तथा हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उद्योग जगत में उत्साह, डीपीआर को बताया अहम चरण
राज्यसभा सांसद ने पत्र में उल्लेख किया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर उद्योग जगत में विशेष उत्साह और अपेक्षाएं हैं। उन्होंने कहा कि परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) का तैयार होना सबसे महत्वपूर्ण चरण है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने एमडीए से परियोजना की प्रगति का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
एमडीए से मांगी इन बिंदुओं पर जानकारी
डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने अपने पत्र में विशेष रूप से निम्नलिखित जानकारियां उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है—
- डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया वर्तमान में किस स्तर पर है।
- डीपीआर पूर्ण होने की संभावित समय-सीमा क्या है।
- डीपीआर तैयार करने के लिए किसी परामर्शदात्री (कंसल्टेंट) एजेंसी की नियुक्ति की जा चुकी है या नहीं।
- यदि नियुक्ति नहीं हुई है तो इस संबंध में अब तक क्या कार्यवाही की गई है और आगे की प्रस्तावित प्रक्रिया क्या होगी।
परियोजना के लिए हरसंभव सहयोग का दिया आश्वासन
राज्यसभा सांसद ने पत्र में यह भी कहा कि वह इस महत्वाकांक्षी योजना को लेकर व्यक्तिगत रूप से अत्यंत उत्सुक हैं। यदि परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए उनके स्तर से किसी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता हो तो एमडीए उन्हें अवगत कराए। उन्होंने भरोसा जताया कि मेरठ विकास प्राधिकरण के नेतृत्व और सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से यह परियोजना शीघ्र साकार होगी और मेरठ के औद्योगिक विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगी।
कार्यालय को भी भेजने का किया अनुरोध
डॉ. बाजपेयी ने एमडीए से अनुरोध किया है कि इस विषय में की गई कार्यवाही और परियोजना की प्रगति से उनके कार्यालय को भी नियमित रूप से अवगत कराया जाए, ताकि परियोजना के विकास की निगरानी की जा सके।
मेरठ के लिए क्यों महत्वपूर्ण है ज्वैलरी पार्क?
प्रस्तावित ज्वैलरी पार्क के निर्माण से मेरठ के पारंपरिक सर्राफा एवं आभूषण उद्योग को आधुनिक आधारभूत संरचना, अत्याधुनिक उत्पादन सुविधाएं, बेहतर विपणन व्यवस्था और निर्यात को बढ़ावा मिलने की संभावना है। साथ ही स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और व्यापारियों को एक संगठित औद्योगिक परिसर उपलब्ध होगा, जिससे उत्पादन क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मकता दोनों में वृद्धि होने की उम्मीद है।